
बिलासपुर. शारदीय नवरात्रि का पर्व 10 अक्टूबर से शुरू हो रहा है। इस बार अत्यंत शुभ संयोग बन रहा है। ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक देवी आराधना के लिए नवरात्रि की तिथि बहुत शुभ व उत्तम मानी गई है। इस बार शारदीय नवरात्रि अति शुभ है, क्योंकि मां दुर्गा के यह व्रत पूरे 9 पड़ रहे हैं। इन नवरात्रि में मां दुर्गा के 9 रूपों की पूजा की जाती है। मान्यता है कि इन 9 दिनों में की गई पूजा का फल अवश्य मिलता है। ज्योतिषाचार्य एवं वास्तुविद डॉ. दीपक शर्मा के अनुसार, नवरात्र महत्पूर्ण त्योहार है। इस पर्व में मां दुर्गा के 9 अलग-अलग रूपों की पूजा की जाती है।
इस वर्ष यह पर्व 10 अक्टूबर से 18 अक्टूबर तक मनाया जाएगा। 19 को दशहरा का पर्व मनाया जाएगा। हिन्दू पंचांग के अनुसार अश्विन माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा को शारदीय नवरात्रि शुरू होती है। नवरात्रि के 9 दिनों के दौरान मां के 9 रूपों की पूजा की जाती है। ऐसी मान्यता है कि मां दुर्गा इस दौरान अपने भक्तों की पुकार जरूर सुनती हैं, उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं। नवरात्रि के 9 दिन इतने शुभ होते हैं कि इस दौरान कोई भी शुभ कार्य करने के लिए मुहूर्त देखने की जरूरत नहीं पड़ती। इसलिए घर से लेकर गाडिय़ों तक और घर की इलेक्ट्रॉनिक अप्लायंस से लेकर गहनों तक सबसे ज्यादा इसी दौरान खरीदारी होती है।
READ MORE : मस्तूरी में लहरिया को ललकारने के लिए जकांछ गठबंधन के साथ बसपा मैदान में
देवी के 9 रूपों की होगी आराधना : मां शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, कुष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और मां सिद्धिदात्रि इन 9 रूपों की पूजा-अर्चना की जाएगी। प्रत्येक दिन का महत्व होता है। उसी के आधार पर यह पर्व भक्तों के लिए पुण्यदायी होता है।