
यहां बन रहा चार्जिंग पॉइंट (फोटो सोर्स- पत्रिका)
Bilaspur E-Bus Service: बिलासपुर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए ई-बस सेवा शुरू करने की तैयारी की जा रही है। निगम के इंजीनियर ने पुणे में पहले ही बन रहे बसों के मॉडल और डिजाइन देख लिए हैं। शहर की सडक़ों के अनुरूप आम बसों से ग्राउंड क्लीयरेंस थोड़ा अधिक रखने की बातें भी कही हैं। शहर में 50 इलेक्ट्रिक बसें चलेंगी।
नवंबर तक 20 और दिसंबर तक पूरे 50 बसों के शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें 35 फुल साइज और 15 मिनी बसें शामिल होंगी। करीब 419 किलोमीटर के नेटवर्क पर संचालित होने वाली इन बसों से रतनपुर-खूंटाघाट, कोटा और कानन पेंडारी से तखतपुर जैसे क्षेत्रों तक आवागमन आसान बनाने की योजना है। यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए कोनी में आधुनिक चार्जिंग डिपो तैयार किया जा रहा है।
कोनी में करीब 8 करोड़ रुपए की लागत से ई-बस टर्मिनल और केंद्रीय डिपो कॉम्प्लेक्स विकसित किया जा रहा है। यहां 28 फास्ट चार्जिंग पॉइंट बनाए गए हैं, जिससे एक साथ 28 बसों को चार्ज किया जा सकेगा। डिपो में बसों की मरम्मत के लिए वर्कशॉप, बिजली आपूर्ति के लिए पावर सब-स्टेशन और कार्यालय भी बनाया जा रहा है।
डिपो में बसों की धुलाई के दौरान पानी की खपत कम करने के लिए ट्रीटमेंट प्लांट लगाया जा रहा है। इससे इस्तेमाल किए गए पानी को साफ कर दोबारा उपयोग में लाने की व्यवस्था होगी। इसके अलावा ड्राइवरों और स्टाफ के रात्रि विश्राम के लिए रैन बसेरा, कवर्ड और ओपन पार्किंग तथा ग्रीन एरिया भी विकसित किया जा रहा है।
प्रस्तावित डिजिटल सुविधा के तहत यात्री मोबाइल ऐप पर बस की लाइव लोकेशन और स्टॉप तक पहुंचने का अनुमानित समय देख सकेंगे। ऐप से ई-टिकट बुकिंग और मासिक पास बनवाने की सुविधा भी उपलब्ध कराने की योजना है। बस में सीटों की उपलब्धता की जानकारी भी डिजिटल माध्यम से मिल सकेगी।
बसों में कंडक्टर के पास एंड्रॉइड आधारित ई-टिकटिंग मशीन होगी, जिससे यूपीआई के जरिए भी भुगतान की सुविधा दी जा सकेगी। यात्री सूचना प्रणाली के तहत डिजिटल बोर्ड और ऑटोमैटिक वॉइस अनाउंसमेंट से अगले स्टॉप की जानकारी हिंदी और अंग्रेजी में देने की योजना है। इससे यात्रियों को सही स्टॉप पहचानने और सफर की जानकारी पाने में आसानी होगी।
शहर और उपनगरीय रूट
प्रमुख धार्मिक-पर्यटन स्थल रूट
बिलासपुर से नजदीकी ब्लॉक और तहसील रूट
अनुपम तिवारी, नोडल अधिकारी, ई-बस, नगर निगम बिलासपुर के मुताबिक, शहर की सडक़ को देखते हुए ग्राउंड क्लीयरेंस रहेगी बसों में। इसके अलावा 8 करोड़ की लागत से ई-बस चार्जिंग पॉइंट का काम लगभग 80 प्रतिशत तक पूरा हो गया है। ई-बस की एक बार चार्जिंग में करीब 160 किमी तक चलने की क्षमता है। शहर में 15 रूट इसके लिए तय किए गए हैं। दिसंबर तक सभी 50 बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
Updated on:
17 Oct 2026 11:13 am
Published on:
17 Oct 2026 11:13 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
