
बेलतरा जा रहे कांग्रेसियों की गिरफ्तारी, कर्रा गांव में बनाया अस्थायी जेल, 4 घंटे कांग्रेसियों को रोके रखा
बिलासपुर.
सीडी कांड में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेश बघेल पर सीबीआई कार्रवाई के विरोध में कांग्रेसियों के प्रदर्शन को रोकने की दिनभर कवायद चलती रही। इस सिलसिले में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में सीएम को काले झंडे दिखाने बेलतरा जा रहे 568 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोका गया। इन्हें कर्रा गांव में अस्थायी जेल बनाकर रखा गया। आंदोलन की अगुवाई कर रहे विजय केशरवानी को एएसपी ग्रामीण अर्चना झा ने रतनपुर की धर्मशाला में नजरबंद रखा।
डॉ. रमन बने दमन सिंह
बिलासपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी ने बताया कि सीबीआई द्वारा सरकार के दबाव में की गई गिरफ्तारी गलत है। साथ ही बिलासपुर कांग्रेस भवन में घुसकर किया गया लाठीचार्ज भी लोकतंत्र पर हमला है। इन दोनों बातों को लेकर कांग्रेस लगातार प्रदर्शन कर रही है। लेकिन डॉ. रमन दमन सिंह बन गए हैं। लोगों की आवाज दबाई जा रही है।
रतनपुर मंदिर में एकत्र हुए कांग्रेसी
मंगलवार को सुबह 9 बजे कांग्रेसी रतनपुर मंदिर में इकट्ठा हुए। यहां से निकलते ही पुलिस ने उन्हें रतनपुर चौराहे पर रोक लिया, लेकिन यहां से कुछ कांग्रेसी बेलतरा के लिए निकलने में कामयाब हो गए। इन्हें रोकने के लिए कर्रा गांव में पुलिस ने मैन रोड पर बेरिकेटिंग करके रोक लिया और यहीं अस्थायी जेल बनाकर रखा गया।
कांग्रेसियों ने की नारेबाजी
कांग्रेसियों ने प्रदर्शन के दौरान रमन सिंह वापस जाओ के नारे लगाए, इससे पुलिस के साथ नौकझौंक भी होती रही। इस दौरान कांग्रेसी बड़ी संख्या में सड़क पर बैठकर नारेबाजी करते रहे। पुलिस ने बिलासपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शेख गफ़्फ़ार, रतनपुर अध्यक्ष आनंद जायसवाल, बिलासपुर से टिकट के दावेदार एसपी चतुर्वेदी, बेलतरा अध्यक्ष झगरराम सूर्यवंशी, कोटा अध्यक्ष रामफल बिंझवार, विष्णु यादव, भुवनेश्वर यादव, त्रिलोक श्रीवास, चित्तू सिंह, राजेन्द्र साहू, शिवा पाण्डेय, आशीष शर्मा, नीरज जायसवाल, आदित्य दीक्षित, अरुण त्रिवेदी, मदन कहरा, नीरज सोनी, अनिल यादव समेत 568 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया।
Published on:
25 Sept 2018 08:36 pm
बड़ी खबरें
View Allबिलासपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
