12 जून 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Video : रमन ने अटल विकास यात्रा में पूरी कर दी मांग, बेलतरा बन गया अब तहसील

डॉ. रमन सिंह ने अपने चिर परिचित अंदाज में जहां कांग्रेस पर व्यंग्य किया, वहीं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश सरकार के कामकाज की जमकर तारीफ करते हुए योजनाओं का बखान किया।

5 min read
Google source verification
beltra

Video : रमन ने अटल विकास यात्रा में पूरी कर दी मांग, बेलतरा बन गया अब तहसील

बिलासपुर. मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह मंगलवार को अटल विकास यात्रा में बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के बेलतरा हाईस्कूल मैदान पहुंचे। यहां 88 करोड़ 84 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन और हितग्राहियों को सामग्री का वितरण किया। उन्होंने आमसभा को संबोधित करते हुए मंच से वरिष्ठ नेता विधानसभा उपाध्यक्ष के कार्यों की तारीफ की। साथ ही उनकी मांग पर बेलतरा के उप तहसील को पूर्ण तहसील का दर्जा देने और यहां पुलिस चौकी की स्थापना को मंजूरी दी। डॉ. रमन सिंह ने अपने चिर परिचित अंदाज में जहां कांग्रेस पर व्यंग्य किया, वहीं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश सरकार के कामकाज की जमकर तारीफ करते हुए योजनाओं का बखान किया। उन्होंने कहा कि विधायक व विधानसभा उपाध्यक्ष बद्रीधर दीवान के नेतृत्व में क्षेत्र का समुचित विकास हुआ है।

IMAGE CREDIT: patrika

ये पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई के सपनों का छत्तीसगढ़ है, ये विकास उन्हें समर्पित है। उन्होंने कहा कि नीयत और नीति साफ हो तो प्रदेश बड़े से बड़ा सपना देख सकता है। कांग्रेस के मित्र गरीबी हटाओ का नारा लगाते रहे, उनके लिए न योजनाएं बनाई न चिकित्सा और समर्थन मूल्य पर धान बेचने का इंतजाम किया। इससे गरीब और गरीब होते गए। 50-60 साल में कांग्रेस ने उनके लिए कुछ भी नहीं किया। भाजपा ने गरीबों के चिकित्सा से लेकर आवास तक की व्यवस्था की। गरीब के घर जाएंगे तो बताएगा कि जिस घर में बैठे हैं ये प्रधानमंत्री आवास है। विकास ढूंढने वाले कांग्रेसी यहां सभा में आ जाएं, जनता बता देगी विकास किसे कहते हैं और कया-क्या विकास के कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि योजनाएं गिनाउंगा तो रात हो जाएगी। मैं योजना गिनाने नहीं आया। उन्होंने विधानसभा उपाध्यक्ष के लिए ताली बजवाई और कहा कि ये पार्टी के सबसे वरिष्ठ और बेदाग नेता हैं, जिनके नेतृत्व में पूरे बेलतरा क्षेत्र में विकास के कार्य हुए हैं।

फिर भाजपा का विधायक बनाकर भेजें : सांसद लखनलाल साहू ने क्षेत्रीय विधायक और विधानसभा उपाध्यक्ष के 93 साल की अवस्था के बाद भी उनकी सक्रियता और जीवटता के कारण क्षेत्र में हुए विकास को ध्यान में रखते हुए कहा कि भाजपा सरकार ही विकास कर सकती है। इसलिए इस बार फिर भाजपा को क्षेत्र से प्रतिनिधित्व दें।
दावेदारों में चार को तवज्जो : बेलतरा विधानसभा में भाजपा के दो दर्जन से अधिक दावेदार हैं। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में इनमें से चार दावेदारों जगह दी गई। इनमें राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष हर्षिता पाण्डेय, भाजपा नेता सुशांत शुक्ला, विधानसभा उपाध्यक्ष बद्रीधर दीवान के पुत्र जिलामंत्री विजयधर दीवान और भाजपा जिलाध्यक्ष रजनीश सिंह शामिल रहे। हालाकि मंच पर स्वागत के लिए दावेदार उमेश गौरहा, हिमांचल धर दीवान, द्वारिकेश पाण्डेय, विक्रम सिंह और भूपचंद शुक्ला समेत सभी को आमंत्रित किया गया।

कोर्ट की प्रक्रिया, राजनीति कर रही कांग्रेस- धरम : कांग्रेस भवन में लाठी कांड, फिर प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल की गिरफ्तारी के सवाल पर प्रदेश भाजपध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा, कोर्ट की प्रक्रिया को मुद्दा बनाकर राजनीति करना गलत और निंदनीय है। सीबीआई ने जांच के बाद मामला कोर्ट में पेश किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल को तय प्रक्रिया के तहत बेल के लिए आवेदन करना था। मुद्दा बनाकर राजनीति करना कांग्रेस की संस्कृति है।
मेरा और मोदी का एग्रीमेंट है : मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क और पुल बनाना विकास नहीं होता। मेरा और प्रधानमंत्री मोदी का जीवन भर का एग्रीमेंट है, केवल आयुष्मान कहने से काम नहीं बनेगा। अटल इरादा रखकर व्यक्तित्व विकास के लिए केवल भाजपा ही कार्य कर सकती है। इसलिए इस बार भी क्षेत्र से विधायक दीजिए ताकि क्षेत्र का और अच्छे से विकास हो सके।

बीयू और पॉलिटेक्निक कॉलेज का भूमिपूजन : कलेक्टर पी. दयानंद ने कहा कि आज 88.44 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया है, जिसमें बिलासपुर यूनिवर्सिटी के नए भवन और पॉलिटेक्नीक भवन समेत अन्य विकास कार्य शामिल हैं।
विधायक ने मांगा थाना, मिली चौकी : क्षेत्रीय विधायक विधानसभा उपाध्यक्ष बद्रीधर दीवान ने अपने संबोधन में कहा कि बारिश के दिनों में बेलतरा क्षेत्र के गांव से आवागमन में मुश्किल होती थी। आज सड़कों का जाल बिछा, समय और दूरी कम हुई एनीकट बनने से क्षेत्रवासियों को निस्तारी और कृषि कार्य के लिए पीने का पानी मिल रहा है। उन्होंने मंच से मुख्यमंत्री के समक्ष नवीन कॉलेज, पुलिस थाना भवन, उप तहसील को पूर्ण तहसील का दर्जा देने और बेलतरा में राष्ट्रीयकृत बैंक की शाखा खोलने की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने थाने के बजाए पुलिस चौकी और पूर्ण तहसील की घोषणा की।

सीडी बांट रहे व्यक्ति को तत्काल पार्टी के पद से हटा देना चाहिए-डॉ. रमन : मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने बिना किसी का नाम लेते हुए बेलतरा में चर्चा के दौरान कहा कि सीडी तो दिखा रहे थे भैया, छत्तीसगढ़ की माताओं और ढाई करोड़ लोगों का अपमान कर रहे थे। कौन सा महात्मा गांधी की तरह नमक आंदोलन या जनांदोलन कर रहे थे। सीडी दिखाएंगे तो जेल जाएंगे ही। ऐसे व्यक्ति को राष्ट्रीय पार्टी के अध्यक्ष पद पर रखना शोभा नहीं देता। उन्हें तत्काल पार्टी अध्यक्ष के पद से हटा देना चाहिए। डॉ. रमन सिंह बेलतरा में आमसभा के बाद पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। क्या राजनीतिक लाभ लेने के लिए ऐसा किया जा रहा, इस सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा, काहे का लाभ अब सीडी दिखाओगे भैया तो जेल तो जाना पड़ेगा। फिर कौन सा ऐसा छात्रों, किसानों और गरीबों के लिए जन आंदोलन किया है कि उन्हें सहानुभूति मिल जाएगी। सीबीआई ने कानूनी प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार किया है। अब 10 दिन के लिए जाएं या 15 दिन के लिए जेल जाएं इससे छत्तीसगढ़ को कोई फर्क नहीं पड़ता। मामले से जुड़े भाजपा नेता की फरारी के सवाल पर उन्होंने कहा कि कोई नहीं भाग सकता। सीबीआई सबको दबोच लेगी, चिंता करने की जरूरत नहीं है। सवाल ये उठता है कि पार्टी अध्यक्ष आखिर जनता के लिए क्या कर रहे थे। कोई विरोध नहीं 10-20 लोग हंगामा मचा रहे हैं। बसपा और छजकां के गठबंधन के सवाल पर उन्होंने फिर छत्तीसगढ़ी में कहा कि नांगर ला बैला अऊ भैंसा हा जोतही भैया, हाथी हा तो खेत ला रौंद डारही अऊ घर ला फोर डारही।

शहर में 80 कांग्रेसी गिरफ्तार, शाम तक बिठाकर रखा गया सरकंडा व चकरभाठा थाने में : कांग्रेस के लोग विरोध प्रदर्शन के लिए मंगलवार को रायपुर जाने अपने-अपने वाहनों से रवाना हो रहे थे। इधर कांग्रेस भवन में भी कांग्रेसी इक_े हो रहे थे। इसे लेकर पुलिस ने अपनी ओर से पूरी तैयारी कर रखी थी। मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, प्रदेश महामंत्री अटल श्रीवास्तव, प्रवक्ता अभय नारायण राय सहित 50 कांग्रेसी वाहनों से रायपुर जाने छत्तीसगढ़ भवन के पास से निकले। सिविल लाइन थाना प्रभारी जगदीश मिश्रा उनके वाहनों के पीछे चलते हुए चकरभाठा पुलिस को कांग्रेस काफिले की सूचना दे रहे थे। कांग्रेसी जैसे ही चकरभाठा थाने के पास पहुंचे। चकरभाठा पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया। इधर सरकंडा से 10 व शहर के अन्य थानों से 20 लोगों सहित 80 कांग्रेसियों को गिरफ्तार किया गया। शेख नजीरूद्दीन, धर्मेश शर्मा, तैयब हुसैन, अरविंद शुक्ला, अखिलेश चंद्र बाजपई, निर्मल मानिकपुरी, शिवा नायडू, दानिश खान, राकेश सिंह, वसीम खान, देवेन्द्र सिंह आदि थाने में नारेबाजी करते रहे।
26 को जगह-जगह करेंगे प्रदर्शन : भूपेश बघेल की गिरफ्तारी और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं पर पुलिस द्वारा बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज के विरोध में 26 सितम्बर को दोपहर 12 बजे विभिन्न जगहों पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

बड़ी खबरें

View All

बिलासपुर

छत्तीसगढ़

ट्रेंडिंग