
Weather Update: नवंबर माह शुरू होते गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है। हालांकि दिन में अभी भी उमस भरी गर्मी बनी हुई है, पर शाम होते ही अब ठंड का अहसास होने लगा है। यही वजह है कि रात बाहर निकलने वाले अब स्वेटर, जैकेट का इस्तेमाल करने लगे हैं।
वर्तमान में मौसम की फितरत कुछ इस कदर है कि दिन में उमस भरी गर्मी से परेशानी हो रही है, तो रात में ठंड का अहसास होने लगा है। हालांकि दो दिन पहले तक जहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से भी ज्यादा था, अब घट कर 30 डिग्री के लेबल में आ गया है। इसकी वजह से भी पहले की तुलना में गर्मी से राहत मिली है।
गुरुवार को भी दिन भर कड़ी धूप के चलते लोग गर्मी से लोग परेशान होते रहे। इससे बचने कूलर, पंखों के साथ ही एसी भी चलानी पड़ी। जबकि शाम होते ही ठंड का अहसास होने लगा। इस बीच बाहर निकलने वाले हॉफ स्वेटर या जैकेट में भी नजर आए। गुरुवार को बिलासपुरका अधिकतम तापमान जहां 30.8 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश में सामान्य से अधिक पारा
स्थान - अधिकतम - न्यूनतम
बिलासपुर - 30.8 - 19.8
पेंड्रा - 30.0 - 15.2
अंबिकापुर - 31.2 - 13.1
रायपुर - 33.4 - 19.3
जगदलपुर - 31.0 - 17.5
दुर्ग - 32.2 - 17.6
राजनांदगांव - 33.5 - 17.6
मौसम विभाग के अनुसार आगामी पांच दिन न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन की उम्मीद कम है। उसके बाद तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ने की संभावना है।
मौसम विज्ञानी गायत्री वाणी कांचीभोतला ने कहा कि एक हफ्ते के बाद ही ठंड बढ़ने की उम्मीद हैं। इसकी शुरुआत 10 नवंबर के बाद से शुरू हो जाएगी। अभी प्रदेश के उत्तरी इलाकों में ठंडी का असर शुरू हुआ है। हालांकि सुबह के समय में हल्की धुंध छाने लगी है और ठंडी का (Winter 2024) अहसास भी तेज हो गया है। वहीँ उत्तर छत्तीसगढ़ में तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही हैं लेकिन मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में ठंड ने दस्तक नहीं दी है जिसके लिए लोगों को इंतजार करना पड़ेगा।