Krrish 4: फिल्म 'कृष 4' की शूटिंग और रिलीज को लेकर भारी विवाद के चलते इसका काम रोक दिया गया है। फिल्म की डिमांड 500 करोड़ रुपये की बताई जा रही थी, जो आदित्य चोपड़ा सहित प्रोडक्शन टीम के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई।
Krrish 4: ऋतिक रोशन और यश राज फिल्म्स की फिल्म 'कृष 4' एक और मुश्किल में फंस गई है। ये सुपरहीरो फिल्म काफी समय से प्री-प्रोडक्शन स्टेज में अटकी हुई है और फिलहाल इसकी शूटिंग शुरू होने की कोई उम्मीद भी नहीं दिख रही है। बता दें, ऋतिक और आदित्य चोपड़ा के बीच बजट को लेकर सहमति न बन पाने के कारण 'कृष 4' को फिलहाल रोक दिया गया है। सुपरस्टार, जो इस लोकप्रिय फ्रेंचाइजी की चौथी फिल्म से निर्देशन के क्षेत्र में कदम रख रहे हैं, फिल्म को बड़े बजट पर बनाना चाहते हैं, जबकि यश राज फिल्म्स के प्रमुख बजट को सीमित रखना चाहते हैं।
बॉलीवुड हंगामा के अनुसार, ऋतिक रोशन चाहते हैं कि कृष 4 का निर्माण बड़े पैमाने पर हो, जिसका बजट लगभग 500 करोड़ रुपये होगा और उनका मानना है कि दर्शकों की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए, खासकर वैश्विक स्तर पर फिल्म में शानदार दृश्य, दमदार वीएफएक्स और बड़े एक्शन सीक्वेंस की जरूरत है। तो वहीं दूसरी ओर, आदित्य चोपड़ा का मानना है कि बजट को नियंत्रित रखते हुए लगभग 350 करोड़ रुपये तक सीमित रखना चाहिए और खबरों के मुताबिक, उनका मानना है कि सीमित बजट से जोखिमों को कम करने और बॉक्स ऑफिस पर बेहतर कमाई सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
इतना ही नहीं, कई बातचीत के बाद, दोनों पक्षों ने कथित तौर पर फिलहाल इस प्रोजेक्ट को रोक देने का फैसला किया है। इसका मतलब ये नहीं है कि कृष 4 कैंसिल हो गई है, लेकिन जब तक कोई स्पष्ट समझौता नहीं हो जाता, तब तक इस पर काम आगे नहीं बढ़ेगा। फिलहाल, फिल्म को रोक दिया गया है और इसकी शूटिंग कब शुरू होगी, इसकी कोई निश्चित तारीख तय नहीं है।
ऋतिक कथित तौर पर अलग-अलग स्टूडियो से बातचीत कर रहे हैं ताकि पता चल सके कि क्या कोई और स्टूडियो उनके मनचाहे बजट में फिल्म बनाने के लिए तैयार है। साथ ही, वो स्क्रिप्ट पर भी फिर से काम कर रहे हैं और आदित्य चोपड़ा की प्रतिक्रिया को गंभीरता से देख रहे हैं। बता दें, ऋतिक 'कृष 4' में पूरी तरह से काम शुरू करने से पहले एक और फिल्म में अभिनय करने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने कई स्क्रिप्ट सुनी हैं और एक को अंतिम रूप देने के करीब हैं। उनके अगले अभिनय प्रोजेक्ट के बारे में जल्द ही आधिकारिक घोषणा होने की उम्मीद है और अंदरूनी सूत्रों का दावा है कि ये दर्शकों को चौंका देगा। बता दें, कृष 4 की शूटिंग 2026 में शुरू नहीं होगी या तो आदित्य चोपड़ा बजट बढ़ाने के लिए सहमत हो सकते हैं, या ऋतिक रोशन किसी नए निर्माता के साथ आगे बढ़ सकते हैं।
प्रियंका चोपड़ा से स्क्रीन रेंट में बातचीत के दौरान जब 'डॉन 3' और 'कृष 4' जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स में उनकी हिस्सेदारी के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि वे इन प्रोजेक्ट्स से जुड़ी हुई हैं, लेकिन अभी कुछ भी नहीं कहा जा सकता। साथ ही, एक्ट्रेस ने बताया कि ये किरदार उनके लिए खास हैं और वे उन्हें निभाने के लिए हमेशा तैयार रहेंगी, बशर्ते कहानी भी अच्छी हो।फिलहाल, प्रियंका ने इन दोनों फिल्मों में अपनी उपस्थिति को लेकर कोई भी आधिकारिक घोषणा नहीं की है।