बॉलीवुड

दंगल से बड़ी फिल्म है सीक्रेट सुपरस्टार: आमिर खान

बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान का कहना है कि उनकी आने वाली फिल्म सीक्रेट सुपरस्टार उनकी सुपरहिट फिल्म दंगल से बड़ी फिल्म है...
2 min read
• •
Updated: 20 Oct 2017, 10:35 AM IST
Aamir_Khan
Aamir_Khan

बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान का कहना है कि उनकी आने वाली फिल्म सीक्रेट सुपरस्टार उनकी सुपरहिट फिल्म दंगल से बड़ी फिल्म है। आमिर खान की फिल्म 'सीक्रेट सुपरस्टार' इस दीवाली 20 अक्टूबर को प्रदर्शित हो रही है। आमिर दीवाली को फिल्मों की रिलीज के लिए बेहतरीन समय करार देते हैं। आमिर की फिल्में क्रिसमस के अवसर पर रिलीज होती है।

इस बारे में पूछे जाने पर आमिर ने कहा , 'फिल्म बनकर तैयार थी तो क्यों दो महीने इंतजार करना, इसलिए हम दीवाली पर फिल्म रिलीज कर रहे हैं। वैसे यह मेरी फिल्म नहीं, जायरा वसीम की फिल्म है। मैं तो सेकेंड लीड में हूं। मेरा रोल ऐसा है, जैसा आमतौर पर हीरो के लिए नहीं लिखा जाता, मेरा किरदार थोड़ा घमंडी है, झूठ बोलता है। बहुत शोबाजी करता है। फ्लर्ट करने से भी बाज नहीं आता। कई लोग इसकी तुलना अनु मलिक से कर रहे हैं, लेकिन मेरी प्रेरणा पांच अलग-अलग लोग रहे हैं।'

आमिर ने कहा, 'एक्टर के तौर पर या प्रोड्यूसर के तौर पर प्राथमिकता होती है कि मेरी फिल्म देखते हुए दर्शक एन्जॉय करें। उसमें कोई सामाजिक संदेश भी जोडऩे की कोशिश करता हूं। दंगल और इसकी कहानी बिलकुल अलग है। कह सकते हैं कि यह दंगल से भी बड़ी फिल्म है।'द सीक्रेट सुपरस्टार' ऐसी लड़की की कहानी है, जो पिता के खिलाफ जाकर सपनों को साकार करती है।'

'सीक्रेट सुपरस्टार' की स्क्रीनिंग में पहुंचे कई सितारे
मुंबई में अभिनेता आमिर खान की फिल्म सीक्रेट सुपरस्टार की स्पेशल स्क्रीनिंग रखी गई थी जहां रेखा समेत कई बॉलीवुड हस्तियां पहुंची थी। रेखा ने आमिर की एक्टिंग और फ़िल्म की जमकर तारीफ की। रेखा ने कहा कि 'फ़िल्म को मिलने वाला अवार्ड कोई मायने नही रखता, लेकिन उन्होंने उम्मीद जताई कि इस साल आमिर की फ़िल्म को सारे अवार्ड इसी फिल्म को मिलेंगे।

फ़िल्म देखने के बाद आमिर रेखा को गाड़ी तक छोड़ने आए और दोनों में काफी सारी बातें हुईं। इनके अलावा बॉलीवुड के कई दूसरे सेलिब्रिटीज भी फिल्म देखने पहुंचे। इनमें निर्देशक राकेश ओम प्रकाश मेहरा, अभिनेता अक्षय खन्ना, शरमन जोशी, रणबीर कपूर , निर्देशक कुणाल कपूर, संगीतकर शंकर महादेवन जैसे कई सितारों ने आमिर की यह फिल्म देखी और जमकर तारीफ की।