
Abhay Arora Plays Parshuram with Ranbir Kapoor in Ramayana: नितेश तिवारी की 'रामायण' हिंदू महाकाव्य की एक भव्य प्रस्तुति है, जिसमें रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में, साई पल्लवी माता सीता के रूप में और यश रावण के रूप में नजर आ रहे हैं। जहां रणबीर के भगवान राम और परशुराम के दोहरे किरदार निभाने को लेकर काफी उत्सुकता थी, वहीं अब अभिनेता अभय अरोड़ा ने खुलासा किया है कि उन्होंने रणबीर के साथ मिलकर परशुराम का किरदार निभाया है। इसके अलावा, इस फिल्म में वो माता सीता के स्वयंवर में आए एक दावेदार के रूप में भी नजर आए थे।
'स्क्रीन' के साथ बातचीत में, अभय ने बताया कि कैसे उन्होंने और रणबीर ने मिलकर भगवान परशुराम के किरदार को पर्दे पर उतारा। भगवान राम और भगवान परशुराम के बीच के दृश्य के बारे में बात करते हुए, अभय अरोड़ा ने बताया कि फिल्म निर्माता भगवान विष्णु के दो अवतारों, भगवान परशुराम और भगवान राम के बीच एक विजुअल कनेक्शन स्थापित करना चाहते थे। यह फैसला फिल्म में उनके चुने जाने से पहले ही ले लिया गया था।
उन्होंने कहा, "रणबीर और मैंने बिल्कुल एक जैसी परफॉरमेंस दी है, एक जैसे डायलॉग बोले हैं और एक जैसे इमोशन दिखाए हैं। सब कुछ बिल्कुल एक जैसा था, और हमने इसे एक साथ परफॉर्म किया। इसके पीछे क्रिएटिव सोच यह थी कि मेकर्स भगवान विष्णु के छठे और सातवें अवतार - भगवान परशुराम, भगवान राम और भगवान विष्णु के बीच का संबंध दिखाना चाहते थे। वे चेहरों की समानता दिखाना चाहते थे, इसलिए मेरे कास्ट होने से पहले ही यह फैसला ले लिया गया था।
जब मुझे कास्ट किया गया, तो उन्होंने मुझसे कहा, 'हमने जो देखा है, उसके हिसाब से आप बिल्कुल भगवान परशुराम जैसे दिखते हैं। लेकिन, अब हमने एक क्रिएटिव फैसला लिया है, तो क्या आप अभी भी यह रोल करना चाहेंगे?' मैं इस फिल्म में अपना योगदान देना चाहता था। आइडिया यह था कि मेरे चेहरे पर रणबीर का चेहरा लगा दिया जाए और दोनों की परफॉरमेंस को बरकरार रखा जाए। इसलिए, फिल्म में कुछ शॉट्स पूरी तरह से मेरे हैं, और कुछ शॉट्स रणबीर के हैं। यह सिर्फ एक 'बॉडी डबल' का मामला नहीं है, बल्कि यह एक पूरी परफॉरमेंस है, जो बिल्कुल एक जैसी है।"
अभय ने आगे बताया कि स्क्रीन पर दर्शक जो ज्यादातर हिस्से देखते हैं, उन्हें असल में उन्होंने ही परफॉर्म किया है। उन्होंने कहा, "जहां रणबीर खड़े दिखते हैं, वहां असल में मैं बैठा हूं और धनुष दे रहा हूं, वे सभी शॉट्स मेरे हैं। मेकर्स और मेरे बीच हुए समझौते का यह एक हिस्सा था कि उन्हें भगवान विष्णु के अवतारों के बीच का संबंध दिखाना होगा।"
इस बारे में बात करते हुए कि कैसे दोनों परफॉरमेंस को एक साथ जोड़ा गया, उन्होंने कहा, "परफॉरमेंस के मामले में, दोनों बिल्कुल एक जैसी थीं। मैंने एक दिन पहले इसे परफॉर्म किया था, फिर हमने ब्लॉकिंग की, सारी चर्चाएं कीं और उसके बाद रणबीर ने इसे परफॉर्म किया। अंत में, उन्होंने दोनों परफॉरमेंस को एक साथ मिला दिया।"
उन्होंने किसी किरदार को निभाने और किसी दूसरे एक्टर की जगह सिर्फ खड़े रहने के बीच का अंतर भी बताया। अभय ने कहा, "आमतौर पर इसे 'बॉडी डबल' कहा जाता है, लेकिन एक बॉडी डबल को एक्टिंग नहीं करनी पड़ती, डायलॉग नहीं बोलने पड़ते और न ही इमोशन दिखाने पड़ते हैं।"
बता दें कि अभय अरोड़ा आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर' का भी हिस्सा थे, जिसमें उन्होंने यासिर अराफात का किरदार निभाया था। दो बड़े प्रोजेक्ट्स से जुड़े होने के बारे में बात करते हुए, एक्टर ने बताया कि कैसे वे इन दोनों फिल्मों के सेट के बीच सफर करते थे।
उन्होंने कहा, "भगवान की मुझ पर कृपा रही है। मैं 'धुरंधर' की शूटिंग कर रहा था, और सीधे सेट से बैंकॉक से मुंबई के लिए उड़ान भरी। अगली सुबह, मैं भगवान परशुराम का किरदार निभा रहा था। चार दिन बाद, मैं वापस बैंकॉक लौट आया और यासिर अराफात का रोल करने लगा। यह किसी सपने के सच होने से कम नहीं था। 'धुरंधर' के मेरे करियर में आने से पहले ही मैं 'रामायण' पर काम कर रहा था। 'रामायण' का मेरी पहली फिल्म के रूप में मिलना, सच में भगवान का आशीर्वाद है। मैं भारत का इकलौता ऐसा अभिनेता हूं जो 'धुरंधर' और 'रामायण' दोनों का हिस्सा है। मैं इसे एक अभिनेता के तौर पर अपने करियर की बहुत अच्छी शुरुआत मानता हूं।"
रणबीर कपूर के साथ काम करने के अनुभव के बारे में उन्होंने बड़े उत्साह से कहा, "रणबीर और मैंने साथ में शूटिंग की। भगवान परशुराम के किरदार की शूटिंग के दौरान भी हम साथ थे। उनके साथ काम करना बहुत शानदार रहा। एक कलाकार और अभिनेता के तौर पर, उन्होंने बहुत मदद की। उन्होंने अपने सुझाव भी दिए। हमने लाइफस्टाइल, काम, भगवान परशुराम और कई अन्य विषयों पर बहुत अच्छी बातचीत की। हमने लगभग चार दिनों तक एक साथ शूटिंग की।"
गौरतलब है कि 'रामायण' ने दूसरे दिन ही भारत में नेट 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया, जिसमें कुल नेट कलेक्शन का लगभग 73.5% हिस्सा हिंदी वर्जन से आया है। जबकि विदेशों में, फिल्म ने दूसरे दिन 35 करोड़ रुपये की कमाई की, जिससे वहां इसका कुल ग्रॉस कलेक्शन 86.25 करोड़ रुपये हो गया है। इसके हिसाब से रणबीर कपूर की रामायण का दुनिया भर में ग्रॉस कलेक्शन 221.05 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।