फिल्म राम तेरी गंगा मैली से रातों रात स्टार बनीं अभिनेत्री मंदाकिनी अपनी खूबसूरती के लिए जानी जाती हैं। फिल्म में उनके काम को बहुत पसंद किया गया था। इस फिल्म में उनकी मासूमियत और सुंदरता के लोग कायल हो गए थे। हालांकि बाद में एक्ट्रेस ने फिल्मों से दूरी बना ली थी। अब एक बार फिर एक्ट्रेस चर्चा में हैं। मंदाकिनी ने बॉलीवुड बायकॉट को लेकर चुप्पी तोड़ी है।
लंबे वक्त से अभिनेत्री मंदाकिनी बड़े पर्दे से दूर हैं। हालांकि अब उन्होंने एक म्यूजिक वीडियो से वापसी की है। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान अदाकारा ने बॉलीवुड बायकॉट ट्रेंड को लेकर बात की। उन्होंने कहा 'यह सभी बातें बहुत दुख देती हैं। क्योंकि ऐसा पहले कभी नहीं था। डायरेक्टर्स को गुरू की नजरों से देखा जाता था। सभी कलाकार उनकी इज्जत किया करते थे। हम लोगों ने तो हमेशा उनका सम्मान किया है। पहले जो एक अपनापन था, वह अब जैसे कहीं खो-सा गया है। दिखता ही नहीं है। शायद यही वजह है कि लोग आज इंडस्ट्री में एक-दूसरे पर आरोपों की बारिश करते हैं।'
मंदाकिनी ने आगे कहा पहले जो लिहाज थी, अब वो खत्म हो गई है। इतना ज्यादा लोगों के अंदर अहंकार भाव आ गया है, उन्हें लगता है कि वो चाहे तो इंडस्ट्री को बदल सकते हैं और उन्हीं की बदौलत यह इंडस्ट्री चलती है। अहंकार तो होना ही नहीं चाहिए। इंसान जितना भी ऊंचाई पर रहे, उसे विनम्र होना चाहिए। दरअसल नॉर्मल जनता आपको देखती है और प्यार करती है। आइडियलाइज करते हैं और जब उन्हें आपका एरोगेंस दिखता है, तो जाहिर है उनका गुस्सा सामने आएगा ही। बायकॉट और कैंसिल कल्चर उनके गुस्से का नतीजा है।
आपको बता दें कि अभिनेत्री मंदाकिनी का नाम डॉन दाउद इब्राहीम (Dawood Ibrahim) के साथ जुड़ गया था, लेकिन उन्होंने कुछ सालों बाद उन्होंने शादी कर ली। अब अदाकारा मुम्बई (Mumbai) में योगा सिखाने के साथ एक तिब्बतन हर्बल सेंटर भी चलाती हैं।