बॉलीवुड

मोहन भागवत से मिलने के महीनों बाद अदनान सामी ने तोड़ी चुप्पी, ट्रोलिंग को लेकर बोले- मैं आजाद हूं

Adnan Sami Reaction On Meeting Mohan Bhagwat: गायक अदनान सामी ने दो महीने पहले मोहन भागवत से हुई अपनी मुलाकात के बाद हुई ट्रोलिंग पर अपना रिएक्शन दिया है।
2 min read
May 21, 2026
Adnan Sami Reaction On Meeting Mohan Bhagwat
Adnan Sami Reaction On Meeting Mohan Bhagwat (सोर्स- एक्स)

Adnan Sami Reaction On Meeting Mohan Bhagwat: पाकिस्तान छोड़कर भारत को अपना घर बनाने वाले मशहूर सिंगर और म्यूजिक कंपोजर अदनान सामी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत से हुई उनकी मुलाकात इस वक्त सुर्खियों में है। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।

अदनान सामी ने ट्रोलर्स पर दिया रिएक्शन (Adnan Sami Reaction On Meeting Mohan Bhagwat)

कुछ महीने पहले अदनान सामी ने मोहन भागवत के साथ तस्वीरें साझा की थीं, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें काफी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। लेकिन अब अदनान ने उन आलोचनाओं पर खुलकर जवाब दिया है और साफ कर दिया है कि उन्हें लोगों की राय से कोई फर्क नहीं पड़ता।

अदनान सामी ने 'न्यूज 18' से बात करते हुए कहा कि वो अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीते हैं और किसी के दबाव में फैसले नहीं लेते। उनका मानना है कि इंसान को लोगों की बनाई हुई छवि के आधार पर नहीं परखना चाहिए। उन्होंने कहा कि दुनिया में ज्यादातर लोग आधी-अधूरी जानकारी के साथ दूसरों पर राय बना लेते हैं और सोशल मीडिया ने इस प्रवृत्ति को और बढ़ा दिया है।

गायक ने आलोचकों को दिया जवाब

सिंगर ने बताया कि उन्होंने जिंदगी में कई देश देखे हैं, अलग-अलग संस्कृतियों को समझा है और हर अनुभव से कुछ सीखा है। ऐसे में वो किसी व्यक्ति को केवल राजनीतिक सोच या अफवाहों के आधार पर जज नहीं करते। अदनान का कहना है कि अगर कोई उनके साथ सम्मान से पेश आता है, तो वह भी उसी सम्मान के साथ जवाब देते हैं। यही वजह है कि वह किसी से मिलने या बातचीत करने में हिचकिचाते नहीं हैं।

मोहन भागवत से मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने अदनान सामी पर सवाल उठाए थे। कुछ लोगों ने उन्हें ट्रोल करते हुए राजनीतिक एजेंडे से जोड़ने की कोशिश की। हालांकि अदनान ने इन बातों को गंभीरता से लेने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वह केवल भगवान के प्रति जवाबदेह हैं और दूसरों की सोच उनके फैसलों को प्रभावित नहीं करती।

मैं आजाद हूं- अदनान सामी

इस पूरे मामले को लेकर अदनान सामी का कहना है कि वो पूरी तरह से आजागद हैं। उन्होंने ये भी कहा कि सोशल मीडिया की दुनिया में लोग बहुत जल्दी निष्कर्ष निकाल लेते हैं। किसी एक तस्वीर, एक बयान या एक पोस्ट के आधार पर इंसान के पूरे व्यक्तित्व का आंकलन करना गलत है। उन्होंने माना कि कई बार लोग बिना पूरी सच्चाई जाने ही नफरत फैलाने लगते हैं। लेकिन अब उन्होंने यह सीख लिया है कि हर आलोचना का जवाब देना जरूरी नहीं होता।

अदनान सामी का करियर

अगर अदनान सामी के करियर की बात करें तो उन्होंने संगीत की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। ‘लिफ्ट करा दे’, ‘तेरा चेहरा’, ‘कभी तो नजर मिलाओ’ और ‘भर दो झोली मेरी’ जैसे गानों ने उन्हें करोड़ों दिलों का चहेता बनाया। अपने वजन को लेकर भी वह लंबे समय तक चर्चा में रहे, लेकिन अदनान ने जबरदस्त ट्रांसफॉर्मेशन कर सभी को हैरान कर दिया था।

Updated on:
21 May 2026 12:16 pm
Published on:
21 May 2026 12:16 pm