बॉलीवुड

संगीतकार अदनान सामी ने लगवाई कोरोना वैक्सीन

देशभर में कोरोना महामारी की दूसरी लहर चल रही है। रोजाना लाखों लोग इससे संक्रमित हो रहे हैं। ऐसे में वैक्सीनेशन का काम भी तेजी से हो रहा है। अब संगीतकार अदनान सामी ने भी कोरोना वैक्सीन लगवा ली है।
2 min read
Apr 26, 2021
adnan_sami.jpg
Adnan Sami

नई दिल्ली। इस वक्त पूरा देश कोरोना महामारी की दूसरी लहर से जूझ रहा है। रोजाना लाखों लोग कोरोना से संक्रमित हो रहे हैं और हजारों लोगों की जान जा रही है। कई राज्यों के अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी हो रही है। ऐसे में वैक्सीनेशन का काम भी तेजी से हो रहा है। बॉलीवुड के कई सेलेब्स ने वैक्सीन लगवा ली है। अब संगीतकार अदनान सामी ने भी कोविड वैक्सीन लगवा ली है।

वैक्सीन लगवाने के लिए किया प्रोत्साहित
अदनान सामी ने वैक्सीन लगवाते हुए अपनी एक फोटो शेयर की है। इसके साथ, उन्होंने लोगों को भी वैक्सीन लगवाने के लिए प्रोत्साहित किया है। तस्वीर में अदनान ब्लैक कलर की टी-शर्ट पहने नजर आ रहे हैं। उन्होंने चेहरे पर मास्क लगाया हुआ है। इस फोटो को शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा, "हम खुद को वैक्सीन लगवा कर ही इस घातक महामारी से बचा सकते हैं। मैंने वैक्सीन लगवा ली है। ये बहुत ही सुरक्षात्मक भावना है। मैं सभी से अनुरोध करता हूं कि बाहर जाएं और वैक्सीन लगवाएं।"

गलत कहानियों को न सुनें
अदनान सामी ने आगे लिखा, "वैक्सीन के बारे में गलत कहानियों को न सुनें। सभी वैक्सीन आपकी सुरक्षा के लिए सही हैं। वैक्सीन इस वक्त हॉट टॉपिक है। ऐसे में आपको इसके बारे में कई कहानियां सुनने को मिलेंगी। विमान और कारें दुर्घटनाग्रस्त हो जाती हैं, लेकिन क्या आप उड़ना या गाड़ी चलाना बंद कर देते हैं? इसके अलावा, सीधे शब्दों में कहें तो टीका मृत्यु से हमारी सुरक्षा है! जीवन चुनें!"

कई सेलेब्स ने लगवाई वैक्सीन
अदनान सामी का ये पोस्ट सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। उनके पोस्ट पर हजारों लाइक्स आ चुके हैं। बता दें कि अब तक कई सेलेब्स कोविड वैक्सीन लगवा चुके हैं और दूसरे लोगों को भी वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इसके अलावा, कोविड की लड़ाई में सेलेब्स अपना योगदान भी दे रहे हैं। हाल ही में अक्षय कुमार ने पूर्वी दिल्ली के सासंद गौतम गंभीर की संस्था को एक करोड़ की सहायता राशि दी है। जिसके बाद गौतम गंभीर ने ट्वीट कर उनका धन्यवाद किया है।

Published on:
26 Apr 2021 03:58 pm