बॉलीवुड

पद्मावती की रंगोली तहस-नहस करने के मामले में पांच गिरफ्तार, दीपिका ने लगाई थी स्मृति ईरानी से गुहार

'पद्मावती' की रंगोली तहस-नहस करने के मामले में पांच गिरफ्तार, दीपिका ने लगाई थी स्मृति ईरानी से गुहार....
2 min read
• •
Updated: 20 Oct 2017, 9:13 AM IST
Padmavati
Padmavati

अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी से संजय लीला भंसाली की आगामी फिल्म 'पद्मावती' से जुड़े कलाकार करन के.एस. द्वारा बनाई गई रंगोली को खराब करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। जिसके बाद 4 करणी सेना और एक हिंदू परिषद के सदस्य समेत पांच को रंगोली को तहस-नहस करने आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह रंगोली भंसाली की अपकमिंग फिल्म 'पद्मावती' से प्रेरित थी। जो सूरत के एक मॉल में बनाई गई थी। जिसको बनाने में कलाकार को लगभग 48 घंटे का समय लगा था।

रंगोली को तहस-नहस करने के बाद अभिनेत्री दीपिका ने अपने एक ट्वीट में स्मृति ईरानी से आग्रह किया है। दीपिका को 'पद्मावती' फिल्म में महारानी पद्मावती के किरदार में देखा जाएगा। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा, 'कलाकार करन और उनके द्वारा किए गए सुंदर काम पर हुए हमले को देखकर काफी निराशा हुई। कृपया ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।'

दीपिका ने सवालिया लहजे में कहा, 'ये लोग कौन हैं? इन हमलों के लिए कौन जिम्मेदार है? हम ऐसा कब तक चलने देंगे? आप एक काम कीजिए, कानून इन्हीं लोगों के हाथ में दे दीजिए, ताकि ये हमारी आजादी और हमारी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला करते रहें।' मंत्री स्मृति ईरानी को ट्वीट में टैग करते हुए दीपिका ने लिखा, 'हमें इसे रोकना होगा और ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करनी होगी।'

कलाकार करन ने 15 अक्टूबर को दीपिका को एक ट्वीट में टैग करते हुए बताया था, '100 लोगों की भीड़ ने जय श्रीराम कहते हुए मेरी 48 घंटे की मेहनत को खत्म कर दिया।' इसके साथ ही करन ने ट्विटर पर दो फोटो भी साझा की, जिसमें वह फिल्म के पोस्टर के हूबहू रंगोली बना रहे हैं, जबकि दूसरी फोटो में दिखाया गया है कि कैसे उनके काम को खराब कर दिया गया।

भंसाली निर्देशित ऐतिहासिक फिल्म 'पद्मावती' में दीपिका के अलावा शाहिद कपूर को महाराजा रावल रतन सिंह और रणवीर सिंह को अलाउद्दी खिलजी के रूप में देखा जाएगा। इस फिल्म के सामने खड़ी हुई यह पहली और एकमात्र मुसीबत नहीं है। इससे पहले भी शूटिंग के दौरान 'श्री राजपूत कर्णी सेना' ने भंसाली के साथ बुरा व्यवहार किया था और शूटिंग के सेट में भी तोड़-फोड़ कर दी थी। जयपुर में चल रही इस फिल्म की शूटिंग को रोककर बाद में महाराष्ट्र में कुछ दृश्यों को फिल्माना पड़ा। दीपिका अभिनीत यह फिल्म एक दिसंबर को रिलीज होगी।