Alaya F On Plastic Surgery Remarks: अभिनेत्री अलाया एफ ने हाल ही में अपने चेहरे की सर्जरी को लेकर बात की है। क्या कुछ कहा है उन्होंने, चलिए जानते हैं।
Alaya F On Plastic Surgery Remarks: बॉलीवुड अभिनेत्री अलाया एफ इन दिनों अपने लुक्स को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं की वजह से सुर्खियों में हैं। हाल ही में मुंबई में आयोजित लाकमी फैशन वीक के दौरान रैंप वॉक करने के बाद उनके चेहरे में बदलाव को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जाने लगीं। कुछ यूजर्स ने दावा किया कि उन्होंने लिप और नोज जॉब कराया है। हालांकि अब अलाया ने खुद सामने आकर इन अफवाहों पर स्पष्ट जवाब दे दिया है।
अलाया एफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर इन अफवाहों का खंडन किया। उन्होंने साफ कहा कि उन्होंने अपने चेहरे पर किसी तरह की सर्जरी नहीं करवाई है। अभिनेत्री ने अपने चेहरे का क्लोजअप दिखाते हुए बताया कि यह वही नाक और वही होंठ हैं, जिनके बारे में लोग अलग-अलग बातें कर रहे हैं।
उन्होंने ये भी कहा कि अगर उन्होंने कोई कॉस्मेटिक प्रक्रिया करवाई होती तो वह इसे छिपाने की कोशिश नहीं करतीं। उनका मानना है कि किसी भी चीज को लेकर झूठ बोलने की उन्हें जरूरत महसूस नहीं होती।
अलाया का कहना है कि अलग-अलग लाइट, अच्छी स्किन केयर आदतें, पर्याप्त पानी पीना और फेस मसाज जैसी चीजें चेहरे के लुक में बदलाव ला सकती हैं। उन्होंने साफ किया कि उनके चेहरे में जो बदलाव नजर आ रहा है, वह इन कारणों की वजह से हो सकता है, न कि किसी सर्जरी के कारण।
सोशल मीडिया पर फैली इन अफवाहों के बीच उनका यह बयान उनके फैंस के लिए राहत भरा साबित हुआ है, क्योंकि लंबे समय से इस विषय पर चर्चा जारी थी।
हालांकि अलाया एफ ने यह जरूर स्वीकार किया कि उन्होंने पहले कभी अपनी नाक में हल्के से उभार को लेकर सर्जरी करवाने के बारे में सोचा था। लेकिन बाद में उन्हें लगा कि यह बदलाव इतना छोटा है कि इसके लिए सर्जरी करवाना जरूरी नहीं है।
उन्होंने कहा कि अक्सर लोग अपने चेहरे की छोटी-छोटी कमियों को लेकर सोचते हैं, लेकिन जरूरी नहीं कि हर विचार को अमल में बदला जाए। यही कारण है कि उन्होंने इस विषय को वहीं छोड़ देना बेहतर समझा।
अलाया एफ एक फिल्मी परिवार से आती हैं। वो अभिनेत्री पूजा बेदी की बेटी और दिग्गज अभिनेता कबीर बेदी की नातिन हैं। उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत 'जवानी जानेमन' से की, जिसमें उनके साथ सैफ अली खान नजर आए थे।
इसके बाद वो फ्रेडी, ऑल्मोस्ट प्यार विद डीजे मोहब्बत, यूटर्न और बड़े मिया छोटे मिया जैसी फिल्मों में नजर आईं। वहीं श्रीकांत में उन्होंने वीरा स्वाति का किरदार निभाया, जिसे दर्शकों ने सराहा।