
गोविंदा ने किए थे कोमल रानी संग लालबागचा राजा के दर्शन (Photo Source- Twitter/@diganta_guha)
Govinda On Komal Rani Lalbaugcha Raja Darshan: बॉलीवुड के 'हीरो नंबर वन' गोविंदा (Govinda) एक बार फिर सुर्खियों में छाए हुए हैं। इस बार वजह उनकी कोई नई फिल्म की रिलीज नहीं, बल्कि मुंबई के मशहूर 'लालबागचा राजा' (Lalbaugcha Raja) के दरबार में उनकी मौजूदगी है। 22 सितंबर को गोविंदा अपनी को-स्टार कोमल रानी स्वर्णकार के साथ बप्पा के दर्शन और अंतिम आरती में शामिल हुए थे। दोनों के वीडियो और तस्वीरें वायरल होते ही सोशल मीडिया पर उनके रिलेशनशिप को लेकर अफवाहें तेज हो गईं थीं। अब खुद गोविंदा ने सभी खबरों पर जवाब दिया है।
गोविंदा ने ANI संग खास बातचीत की। इस दौरान जब गोविंदा से सवाल पूछा गया कि उनकी जिंदगी एक रियलिटी शो की तरह हो गई है और बप्पा के दर्शन के बाद से ही उनके नाम की चर्चाएं खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं, तो अभिनेता ने बेबाक अंदाज में अपनी बात रखी।
गोविंदा ने कहा, "लोग ऐसे रिएक्ट कर रहे हैं जैसे पता नहीं क्या हो गया हो! जैसे किसी की तो 'निकल पड़ी' है। मैं अपनी आने वाली फिल्म 'रूपा' की सफलता के लिए बप्पा से प्रार्थना करने गया था। मेरी फिल्म अभी सिर्फ शुरू (Inaugurate) हुई है और अभी से इतनी चर्चा में आ गई है। मुझे समझ नहीं आता कि इस पर लोगों को क्या आपदा है, क्या कष्ट है? अगर कोई काम शुरू हो रहा है और हम फेमस हो रहे हैं, तो इसमें दूसरों को क्या तकलीफ है?"
को-स्टार कोमल रानी के साथ मंदिर जाने पर बन रही बातों का जवाब देते हुए गोविंदा ने अपने करियर के सुनहरे दौर को याद किया। उन्होंने बताया कि अपनी फिल्मों की सफलता के लिए को-स्टार्स के साथ मंदिर जाना उनके लिए हमेशा से लकी रहा है।
गोविंदा ने पुराने दिनों का जिक्र करते हुए कहा, "यह मेरे लिए हमेशा से गुड लक रहा है। इससे पहले मैं करिश्मा कपूर के साथ मंदिर दर्शन करने गया था, तो उसके बाद हमारी आधा दर्जन फिल्में सुपरहिट हुई थीं। इसके बाद मैं रवीना टंडन के साथ अलग-अलग मंदिरों में दर्शन करने गया, तब भी हमारी आधा दर्जन फिल्में हिट साबित हुईं। अब बहुत लंबे गैप के बाद मैंने फिर से काम की शुरुआत की है और इस बार मैं कोमल रानी स्वर्णकार के साथ प्रार्थना करने गया हूं। इसमें गलत क्या है?"
गोविंदा ने साफ किया कि लंबे अंतराल के बाद उन्होंने दोबारा फिल्मों में काम करना शुरू किया है और 'रूपा' उनके लिए एक बेहद खास प्रोजेक्ट है। वे बप्पा का आशीर्वाद लेकर अपने नए सफर की शुरुआत करना चाहते थे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि काम शुरू होने से पहले ही इतनी चर्चा होना दिखाता है कि लोग आज भी उनके हर कदम पर नजर बनाए हुए हैं।
Updated on:
25 Sept 2026 07:50 am
Published on:
25 Sept 2026 07:27 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
