बॉलीवुड

बंदूक, बदला और बॉक्स ऑफिस बैटल! आलिया भट्ट और हुमा कुरैशी के बीच छिड़ेगी असैसिन वॉर

Alpha Vs Baby Do Die Do: आलिया भट्ट और हुमा कुरैशी के बीच एक जोरदार असैसिन वॉर छिड़ने का इंतजार है, जिसमें बंदूकें चलेंगी, बदले की भावना उभरेगी और बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त टक्कर देखने को मिलने वाला है, तो जाइए तैयार…

2 min read
Jun 12, 2026
Feature image
Alpha Vs Baby Do Die Do (IMDb)

Alpha Vs Baby Do Die Do: बॉलीवुड में इस जुलाई एक धमाकेदार मुकाबला देखने को मिलने वाला है। 3 जुलाई 2026 को 2 ऐसी फिल्में रिलीज हो रही हैं जिनकी कहानी महिला हत्यारों यानी असैसिन्स के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें एक तरफ हैं आलिया भट्ट की 'अल्फा', तो दूसरी तरफ हुमा कुरैशी की 'बेबी डू डाई डू'। इसमें सबसे खास बात ये है कि दोनों फिल्मों में लीड रोल फिमेल स्टार निभा रही हैं, लेकिन दोनों की दुनिया और अंदाज एक-दूसरे से बिल्कुल अलग हैं।

'अल्फा' और 'बेबी डू डाई डू' में मुकाबला

आलिया भट्ट की 'अल्फा' YRF स्पाई यूनिवर्स का हिस्सा है। इस फिल्म में आलिया एक ऐसी असैसिन बनी हैं जिसे बचपन से ही खतरनाक मिशनों के लिए तैयार किया गया है। फिल्म में हाई-ऑक्टेन एक्शन, जासूसी मिशन और बड़े लेवल का सिनेमाई अनुभव देखने को मिलेगा। ये पहली बार है जब YRF स्पाई यूनिवर्स की कमान किसी महिला किरदार के हाथ में है। ऐसे में फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह है।

तो वहीं, हुमा कुरैशी की 'बेबी डू डाई डू' एक अलग तरह की कहानी पेश करती है। बता दें, फिल्म में हुमा एक बहरी और गूंगी असैसिन का किरदार निभा रही हैं। उनके हाथ में दिखने वाला लाल छाता पहले से ही चर्चा का विषय बना हुआ है। इस फिल्म में एक्शन के साथ मिस्ट्री, डार्क कॉमेडी और सस्पेंस का तड़का भी है। साथ ही, यहां असैसिन का किरदार किसी जासूसी एजेंट की तरह नहीं बल्कि एक रहस्यमयी और अनप्रिडिक्टेबल शख्सियत के रूप में भी सामने आता है।

दोनों फिल्मों की सबसे बड़ी समानता

आलिया भट्ट और हुमा कुरैशी दोनों फिल्मों की सबसे बड़ी समानता ये है कि दोनों में महिलाओं को कहानी के केंद्र में रखा गया है। हालांकि, उनकी पेशकश पूरी तरह अलग है। एक तरफ आलिया का किरदार बड़े मिशनों और ग्लोबल खतरे से लड़ता नजर आने वाला है, जबकि दूसरी ओर हुमा का किरदार एक अंधेरी और रहस्यमयी दुनिया में अपनी कहानी बुनता दिखेगा।

बता दें, बॉक्स ऑफिस पर कौन-सी फिल्म आगे निकलेगी, ये तो रिलीज के बाद ही पता चल पाएगा, लेकिन इतना तय है कि एक ही दिन 2 फिमेल स्टार की असैसिन फिल्मों का रिलीज होना हिंदी सिनेमा के लिए एक खास पल है। अब दर्शकों के सामने सवाल सिर्फ एक है कि स्पाई यूनिवर्स की 'अल्फा' या डार्क थ्रिलर 'बेबी डू डाई डू', आखिर किस असैसिन की कहानी सबसे ज्यादा मजेदार होगी ये आने वाला वक्त ही बता पाएगा।

Updated on:
12 Jun 2026 02:54 pm
Published on:
12 Jun 2026 02:47 pm