
Amitabh Bachchan House Jalsa Bomb threat: मुंबई से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) के जुहू स्थित प्रसिद्ध बंगले 'जलसा' (Jalsa) को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। जिसके बाद मुंबई पुलिस और तमाम सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। इस धमकी के बाद से शहरभर में सुरक्षा व्यवस्था को बेहद कड़ा कर दिया गया है और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है।
IANS के पोस्ट के अनुसार, यह धमकी भरा संदेश देश की प्रतिष्ठित अदालत बॉम्बे हाईकोर्ट (Bombay High Court) को एक ईमेल के जरिए भेजा गया था। इस खतरनाक ईमेल में न केवल बॉम्बे हाईकोर्ट, बल्कि मुंबई के कई अन्य बेहद संवेदनशील और महत्वपूर्ण ठिकानों को भी निशाना बनाने की बात कही गई है।
ईमेल के मुताबिक, महानायक अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' के अलावा देश के प्रमुख शेयर बाजार बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और वर्ली रेसकोर्स (Worli Racecourse) को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। जैसे ही यह ईमेल सुरक्षा एजेंसियों के संज्ञान में आया, पुलिस महकमे में तुरंत आपातकालीन बैठक बुलाई गई और शहर के VVIP इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
मुंबई पुलिस और अन्य खुफिया सुरक्षा एजेंसियां इस धमकी को बेहद गंभीरता से ले रही हैं। साइबर सेल की मदद से उस अज्ञात ईमेल एड्रेस और भेजने वाले की लोकेशन का पता लगाया जा रहा है, जिससे यह धमकी भरा संदेश भेजा गया था। सुरक्षा एजेंसियां यह भी खंगाल रही हैं कि इस तरह की अफवाह या धमकी के पीछे किसी शरारती तत्व का हाथ है या यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा है।
बता दें, अमिताभ बच्चन के आवास 'जलसा' को पहले भी इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं, जिसके चलते वहां हमेशा पुलिस सुरक्षा मुस्तैद रहती है। लेकिन, इस ताजा धमकी के बाद बंगले के आसपास गश्त बढ़ा दी गई है और आने-जाने वाले संदिग्धों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। मुंबई पुलिस का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
जब पहले अमिताभ बच्चन को धमकी मिली थी तो रविवार को फैंस को दर्शन देने वह बुलेटप्रूफ कांच के केबिन के अंदर से दिखाई दिए थे। उनके साथ उनके बेटे अभिषेक बच्चन भी साथ थे।