Amitabh Bachchan Post: अमिताभ बच्चन का एक पोस्ट वायरल हो रहा है जिसे लोग अश्लील कह रहे हैं। वहीं, उन्होंने फेसबुक पर भी कुछ लाइन पोस्ट की हैं जो चर्चा का विषय बन गई हैं। लोग बिग बी को उनकी उम्र याद दिला रहे हैं तो कोई उनसे सीधा सवाल पूछ रहा है।
Amitabh Bachchan Tweet: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन केवल एक्टिंग में ही एक्टिव नहीं हैं, बल्कि वह सोशल मीडिया पर अपना खास समय बिताते नजर आते हैं। अक्सर बिग बी को देखा है कि जब भी उन्हें कोई बात करनी होती है तो वह पहेलियों में करते हैं। इस बार भी कुछ ऐसा ही हुआ। अमिताभ बच्चन ने एक पोस्ट किया। जिसने एक बार फिर इंटरनेट यूजर्स को सिर खुजलाने पर मजबूर कर दिया है। उनके इस ट्वीट के 'सिर-पैर' ढूंढने के चक्कर में अब लोग एआई (AI) टूल 'ग्रोक' का सहारा लेने लगे और कई इसे अश्लील कहने लगे। अमिताभ बच्चन ने पोस्ट में लिखा- दिया कि नही...
अमिताभ बच्चन ने अपने लेटेस्ट ट्वीट से खलबली मचा दी है। लोग भर-भरकर कमेंट कर रहे हैं। उन्होंने सिर्फ तीन शब्द लिखे- "T 5690 - दिया कि नहीं"। बस, इतना लिखना ही था कि कमेंट सेक्शन में मीम्स और मजेदार जवाबों की बाढ़ आ गई। लोग एक-दूसरे से पूछने लगे कि आखिर बच्चन किस चीज को 'देने' की बात कर रहे हैं? एक यूजर ने मजाकिया लहजे में लिखा, "दिया तो था सर, लेकिन अब वो बोल रहा है कि भाई मेरे भी पैसे फंसे हैं, थोड़ा इंतजार कर लो। ऐसे बोलते हुए दो साल बीत गए।" वहीं एक अन्य ने चुटकी लेते हुए कहा, "सर अभी नहीं दिया, आप ही बताओ कितना देना है?"
एक शख्स ने लिखा- 'देकर तो आया था लेकिन इजरायल वाले अब भी खुश नहीं हैं।' एक और ने लिखा- 'आप कहना क्या चाहते हैं?' वहीं, एक ने लिखा- "कोई जया मैम को बुलाओ।" हैरानी की बात यह है कि जहां ट्विटर (अब X) पर उन्होंने सवाल पूछा, वहीं फेसबुक पर इसका 'जवाब' जैसा कुछ पोस्ट किया। फेसबुक पर उन्होंने लिखा- "देते रहो, देते रहो, देते रहो... यह लौटकर आएगा।"
अमिताभ बच्चन अक्सर अपने ट्वीट्स को नंबर देते हैं और कई बार उनके संदेश इतने संक्षिप्त और अलग होते हैं कि फैंस समझ नहीं पाते कि यह किसी फिल्म का प्रमोशन है, कोई दार्शनिक विचार है या सिर्फ उनकी कोई निजी उलझन। इस बार मामला इतना उलझ गया कि लोगों ने एलन मस्क के एआई 'ग्रोक' से पूछना शुरू कर दिया कि "अमिताभ बच्चन क्या कहना चाह रहे हैं?"
सिर्फ पहेलियां ही नहीं, बिग बी अक्सर अपनी पोस्ट में संस्कार और धर्म की झलक भी दिखाते हैं। हाल ही में उन्होंने फेसबुक पर रामचरितमानस (अयोध्याकांड) के दोहे भी शेयर किए। उनके करीबी सूत्रों के हवाले से यह बात भी सामने आई है कि अमिताभ जब भी किसी शुभ कार्य के लिए घर से बाहर निकलते हैं, तो रामचरितमानस का पाठ करना कभी नहीं भूलते। उनके फैंस इस धार्मिक जुड़ाव की काफी सराहना कर रहे हैं। भले ही उनके "दिया कि नहीं" वाले ट्वीट का असली मतलब अब तक सस्पेंस बना हुआ है, लेकिन एक बात तय है कि महानायक जानते हैं कि चर्चा में कैसे बने रहना है।