
Anil Kpaoor Subedaar wins Asian Academy Creative Awards: बॉलीवुड के 'एवरग्रीन' अभिनेता अनिल कपूर (Anil Kapoor) और उनकी मच अवेटेड एक्शन-ड्रामा फिल्म 'सूबेदार' (Subedaar) ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन किया है। प्रतिष्ठित एशियन एकेडमी क्रिएटिव अवार्ड्स (Asian Academy Creative Awards) में 'सूबेदार' ने भारत के लिए 'बेस्ट फीचर फिल्म' का खिताब अपने नाम कर लिया है। वहीं, फिल्म में अपनी दमदार अदाकारी के लिए अनिल कपूर को 'बेस्ट एक्टर इन अ लीडिंग रोल' कैटेगरी में नॉमिनेट किया गया है।
अनिल कपूर ने इस बड़ी उपलब्धि और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने के बाद सोशल मीडिया पर ऑफिशियल ब्रॉडकास्ट का एक पल शेयर किया है। उन्होंने इसे अपने करियर का मील का पत्थर बताया है।
अनिल कपूर ने भावुक होते हुए लिखा, "यह मेरे सफर का एक बहुत ही खास पल है। एशियन एकेडमी क्रिएटिव अवार्ड्स में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए 'सूबेदार' के लिए बेस्ट एक्टर इन अ लीडिंग रोल के लिए नॉमिनेट होना मेरे लिए बेहद सम्मान की बात है। पूरी टीम और फिल्म को सपोर्ट करने वाले सभी लोगों का दिल से शुक्रगुजार हूं।"
इसके साथ ही अनिल कपूर ने फिल्म के निर्देशक सुरेश त्रिवेणी को भी खास बधाई दी, जिन्हें 'बेस्ट डायरेक्शन (फीचर फिल्म)' कैटेगरी में पुरस्कार मिला है। अनिल ने लिखा, "सुरेश, यह उपलब्धि मेरे लिए और भी ज्यादा मायने रखती है क्योंकि इस फिल्म को बनाने में हमने जो सफर तय किया है, वह बहुत बड़ा और यादों से भरा रहा है।"
सुरेश त्रिवेणी के निर्देशन में बनी फिल्म 'सूबेदार' मध्य प्रदेश की पृष्ठभूमि पर आधारित एक रिटायर्ड सैनिक अर्जुन मौर्य (अनिल कपूर) की कहानी है। फौज से सेवानिवृत्त होने के बाद अर्जुन आम जिंदगी और समाज के ढर्रे में ढलने के लिए संघर्ष करता है। कहानी में मोड़ तब आता है जब उसका सामना इलाके में फैले भ्रष्टाचार और अपराध से होता है।
अपनी बेटी श्यामा (राधिका मदान) के साथ बिगड़ते रिश्तों और परिवार पर मंडराते खतरे के बीच अर्जुन अपने अपनों की रक्षा के लिए अपनी मिलिट्री ट्रेनिंग का इस्तेमाल करता है। फिल्म में अनिल कपूर और राधिका मदान के अलावा खुशबू सुंदर, सौरभ शुक्ला, आदित्य रावल, मोना सिंह और फैजल मलिक ने भी अहम किरदार निभाए हैं। यह फिल्म 5 मार्च को ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेज़न प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हुई थी।
वैरायटी की रिपोर्ट के मुताबिक, एशियन एकेडमी क्रिएटिव अवार्ड्स द्वारा घोषित 335 नेशनल विजेताओं में जैकी चैन की फिल्में और अनिल कपूर की 'सूबेदार' प्रमुख रूप से शामिल रहीं। 'सूबेदार' जहां भारत के लिए बेस्ट फीचर फिल्म बनी, वहीं चीनी मेनलैंड के लिए 'द शैडोज एज' ने यह अवॉर्ड जीता।
यह प्रतियोगिता 39 कैटेगरी में 18 देशों का प्रतिनिधित्व करेगी। नेशनल राउंड जीतने के बाद अब ये सभी विजेता इंटरनेशनल राउंड में कदम रखेंगे। ग्रैंड विजेताओं का अंतिम ऐलान दिसंबर में सिंगापुर के प्रतिष्ठित कैपिटल थिएटर में गाला अवार्ड्स फाइनल के दौरान किया जाएगा।