
Anubhav Sinha Emotional Post after Father Death: बॉलीवुड के जाने-माने फिल्ममेकर अनुभव सिन्हा इस समय गहरे शोक में हैं। उनके पिता प्रेम गोविंद सिन्हा का 19 नवंबर को रात करीब 9 बजे मुंबई में निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार, 20 नवंबर को सुबह 10 बजे वर्सोवा श्मशान घाट पर किया गया। फिलहाल प्रेम गोविंद सिन्हा के निधन के कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है। पिता के जाने के बाद अनुभव ने सोशल मीडिया पर उन्हें याद करते हुए एक बेहद संवेदनशील और भावुक नोट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने उन छोटी-छोटी आदतों के बारे में बताया है, जिन्हें वह अब बेहद मिस करेंगे।
अनुभव सिन्हा ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर किया। जिसमें उन्होंने अपने पिता के निधन की जानकारी दी। उन्होंने पिता की तस्वीर शेयर करते हुए हिंदी में एक भावुक पोस्ट लिखा। उन्होंने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि अचानक ऐसा लगने लगा है कि घर बड़ा और खाली हो गया है। अनुभव ने लिखा कि अब उनके पिता के साथ कोई नई तस्वीरें नहीं खिंच पाएंगी और न ही उनके लिए नई-नई मिठाइयां ढूंढने का सिलसिला आगे बढ़ पाएगा।
अनुभव सिन्हा ने आगे अपनी पोस्ट में लिखा कि बाकी चीजें शायद ऐसी ही रहेंगी- उनसे प्यार और उनसे बातचीत- लेकिन फिर खुद को सुधारते हुए कहा कि नहीं, सब तो नहीं रहेगा। उम्र के इस पड़ाव को लेकर अनुभव ने लिखा कि 95 साल कम नहीं होते, लेकिन काफी भी नहीं होते। उनके इस पोस्ट को पढ़कर फैंस और करीबी लोग उन्हें सांत्वना दे रहे हैं और संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।
पिता को खोने का दर्द किसी भी परिवार के लिए असहनीय होता है, और अनुभव सिन्हा के शब्दों में वही खामोशी और खालीपन साफ झलका दिखा। वर्सोवा श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार के बाद शेयर किया गया यह नोट बताता है कि कैसे रोजमर्रा की छोटी खुशियां- जैसे किसी खास मिठाई की तलाश या साथ बिताए पलों की तस्वीर- अचानक यादों में बदल जाती हैं। 95 साल की उम्र के बावजूद अपने पिता के न होने का एहसास अनुभव के लिए एक गहरी कमी छोड़ गया है।
अनुभव सिन्हा ने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में तीन दशक से ज्यादा का करियर बनाया है। 22 जून, 1965 को इलाहाबाद में जन्मे, अनुभव ने फिल्ममेकिंग की तरफ रुख करने से पहले मैकेनिकल इंजीनियर के तौर पर ट्रेनिंग ली थी। उन्होंने शुरुआत में टेलीविजन में काम किया औरफिर बाद में 2001 में तुम बिन से अपनी फीचर-फिल्म में डेब्यू करने से पहले म्यूजिक वीडियो डायरेक्ट किए थे।
तुम बिन एक बड़ी सफलता थी और इसने डायरेक्टर को एक फिल्ममेकर के तौर पर स्थापित किया था। इसके बाद उन्होंने आपको पहले भी कहीं देखा है, दस, तथास्तु, कैश, रा.वन और तुम बिन 2 जैसी फिल्में डायरेक्ट की हैं। शाहरुख खान, करीना कपूर खान और अर्जुन रामपाल स्टारर उनकी 2011 की सुपरहीरो फिल्म रा.वन उनके सबसे बड़े प्रोजेक्ट्स में से एक रही थी।
2018 में मुल्क के साथ उनके फिल्म निर्माण ने एक यथार्थवादी मोड़ लिया, इसके बाद 2019 में आर्टिकल 15 और 2020 में थप्पड़ आई। बाद में उन्होंने अनेक और भीड़ का निर्देशन किया, जबकि फराज और अफवाह जैसी फिल्मों का निर्माण भी अनुभव कर चुके हैं।