बॉलीवुड

RCB की जीत के लिए मैच में राधा नाम जप कर रही थीं अनुष्का शर्मा, फाइनल में पहुंचते ही विराट कोहली ने दौड़ कर लगाया गले

Anushka Sharma Radha Jab Counter: अभिनेत्री अनुष्का शर्मा एक बार फिर पति विराट कोहली की टीम आरसीबी को सपोर्ट करने के लिए पहुंचीं। आईपीएल के क्वालिफायर मुकाबले में कई बार कैमरा उन पर गया।
2 min read
May 27, 2026
IPL 2026 RCB Vs GT
IPL 2026 RCB Vs GT (सोर्स- एक्स)

IPL 2026 RCB Vs GT: आईपीएल 2026 का रोमांच अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुका है और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने एक बार फिर अपने शानदार प्रदर्शन से फैंस का दिल जीत लिया। गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए क्वालिफायर मुकाबले में RCB की धमाकेदार जीत के बाद सबसे ज्यादा चर्चा विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की रही।

राधा नाम जप रही थीं अनुष्का शर्मा (Anushka Sharma Radha Jab Counter)

इस मैच के दौरान अनुष्का शर्मा सिर्फ एक पत्नी नहीं बल्कि एक सच्ची चीयरलीडर की तरह नजर आईं। कैमरे कई बार उनकी तरफ घूमे, जहां वो कभी हाथ जोड़कर प्रार्थना करती दिखीं तो कभी उंगलियों में पहनी ‘राधा नाम जप काउंटर रिंग’ के साथ मंत्र जाप करती दिखाई दीं। सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो गए।

अनुष्का को देख यूजर्स ने किए कमेंट्स

फैंस ने अनुष्का की इन तस्वीरों को देखकर कहा कि वो सिर्फ मैच नहीं देख रहीं थीं, बल्कि दिल से RCB की जीत के लिए दुआ कर रही थीं। कई यूजर्स ने लिखा कि अनुष्का का विराट और टीम के लिए प्यार हर बार अलग ही नजर आता है। वहीं कुछ लोगों ने मजाकिया अंदाज में कहा कि इतनी पूजा-पाठ के बावजूद विराट अपना अर्धशतक पूरा नहीं कर पाए।

विराट कोहली ने मैच में खेली शानदार पारी

हालांकि विराट कोहली ने छोटी लेकिन विस्फोटक पारी खेलकर मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने सिर्फ 25 गेंदों में 43 रन बनाए और गुजरात के गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला। विराट शानदार लय में दिख रहे थे, लेकिन जेसन होल्डर की गेंद पर आउट होकर उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा। आउट होने के बाद विराट काफी निराश नजर आए। वहीं कैमरा जैसे ही अनुष्का की तरफ गया, उनके चेहरे पर भी मायूसी साफ दिखाई दी।

मैच में बाद विराट दौड़कर अनुष्का के पास पहुंचे

लेकिन मैच खत्म होते-होते माहौल पूरी तरह बदल चुका था। RCB ने गुजरात टाइटंस को बड़े अंतर से हराकर सीधे फाइनल में जगह बना ली। जीत के बाद जो सीन देखने को मिला, उसने फैंस का दिल जीत लिया। विराट कोहली मैदान से सीधे स्टैंड्स की तरफ दौड़े और अनुष्का शर्मा को गले लगा लिया। दोनों का ये भावुक पल सोशल मीडिया पर मिनटों में वायरल हो गया।

विराट ने बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया

इस मैच के साथ विराट कोहली ने IPL इतिहास में एक और बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। वो लगातार चार सीजन में 600 से ज्यादा रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। यही वजह है कि फैंस को अब उम्मीद है कि इस बार RCB ट्रॉफी जीतकर इतिहास रच सकती है।

Updated on:
27 May 2026 07:11 am
Published on:
27 May 2026 07:11 am