
Archana Puran Singh Parmeet Sethi: बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री की मशहूर एक्ट्रेस अर्चना पूरन सिंह (Archana Puran Singh) अपनी कमाल की टाइमिंग और बेबाक अंदाज के लिए जानी जाती हैं। वह कपिल शर्मा शो और यूट्यब ब्लॉग में अपने परिवार को लेकर अक्सर कई राज खोलती नजर आती है। उन्होंने एक्टर परनीत सेठी से शादी की थी और हाल ही में उन्होंने एक इंटरव्यू में अपनी शादी, शुरुआती करियर और जिंदगी से जुड़े कई खुलासे किए हैं। अर्चना ने खुलासा किया कि पति परमीत सेठी के प्रपोजल पर उन्होंने एक खास शर्त रखी थी, जिसे वह आज भी फॉलो करती हैं।
अर्चना पूरन सिंह ने एक इंटरव्यू में अपनी निजी जिंदगी पर बात की। इस दौरान उन्होंने बताया कि जब परमीत सेठी ने उन्हें शादी के लिए प्रपोज किया था, तब उन्होंने रूखा लेकिन साफ जवाब दिया था। अर्चना ने उनसे कहा था, "मैं कभी किचन में नहीं जाऊंगी और बिस्तर पर कभी गीले तौलिए नहीं डालूंगी।"
परमीत ने जब 2010 में बतौर निर्देशक अपनी पहली फिल्म 'बदमाश कंपनी' लिखी, तो उन्होंने अर्चना की इस लाइन का इस्तेमाल शाहिद कपूर और अनुष्का शर्मा के सीन में किया। अर्चना ने एक बार फिर अपनी उसी लाइन को दोहराया, "मैं आज भी किचन में नहीं जाती।" उनके परिवार- परमीत और बेटे आर्यमान व आयुष्मान के व्लॉग्स में भी उनका खाना न पकाने का फैसला साफ झलकता है।
अर्चना का पहला टीवी शो 'मिस्टर या मिसेज' (1987) था, जिसमें वह एक कामकाजी महिला बनी थीं और उनके पति हाउस हस्बैंड थे। ठीक इसी तरह, 1992 में जब उन्होंने परमीत से शादी की, तब अर्चना इंडस्ट्री में स्थापित थीं और परमीत स्ट्रगल कर रहे थे, इसलिए शुरुआती दिनों में अर्चना ही घर चलाती थीं।
अर्चना ने आगे बताया कि 'मिस्टर या मिसेज' के पहले दिन शूटिंग के दौरान उन्हें कढ़ाई हिलाने का सीन करना था। जब उन्होंने अजीब चेहरे बनाए, तो डायरेक्टर जलाल आगा ने चिल्लाते हुए कहा, "कॉमेडी चेहरे बनाने के बारे में नहीं है, आर्ची!" इस डांट ने अर्चना को काफी दुखी किया, लेकिन उसी अनुभव से सीखकर उन्होंने आगे बढ़ने का फैसला किया था।
कपिल शर्मा के शोज में सिर्फ हंसने वाली छवि से बाहर निकलकर 2026 में अर्चना शानदार अभिनय वापसी कर रही हैं। नेटफ्लिक्स की फिल्म 'टोस्टर' में विलेन बनने के बाद, वह 24 जुलाई को प्राइम वीडियो इंडिया पर आने वाले शो 'आदर्श बाल विद्यालय' में एक मैनिपुलेटिव सरकारी अफसर के रूप में दिखेंगी।