
अर्चना पूरन सिंह (Photo Source- Instagram)
Archana Puran Singh On acting offers: टेलीविजन की दुनिया का एक जाना-माना नाम और अपनी बेबाक हंसी के लिए मशहूर अभिनेत्री अर्चना पूरन सिंह (Archana Puran Singh) इन दिनों एक चौंकाने वाले खुलासे को लेकर सुर्खियों में हैं। 'द कपिल शर्मा शो' और 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' जैसे सुपरहिट कॉमेडी शोज में जज की कुर्सी संभालने वाली अर्चना ने फिल्म इंडस्ट्री की एक कड़वी सच्चाई से पर्दा उठाया है। जिसे सुनकर हर कोई हैरान हो रहा है। उन्होंने बताया कि किस तरह टीवी शोज की वजह से उन्हें बड़े पर्दे पर पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया गया और पिछले 10 सालों से उनके पास एक भी दमदार एक्टिंग ऑफर नहीं आया है।
बड़े प्रोजेक्ट्स और ओटीटी फिल्मों का हिस्सा बनने के बाद आमतौर पर माना जाता है कि एक्टर्स के पास ऑफर्स की बाढ़ आ जाती है, लेकिन अर्चना पूरन सिंह की कहानी बिल्कुल उलट है। हाल ही में एक खास बातचीत में उन्होंने अपने दिल का दर्द शेयर करते हुए उन्होंने कहा, “मुझे ब्रांड एंडोर्समेंट (विज्ञापनों) के ऑफर तो लगातार मिलते रहते हैं, लेकिन एक्टिंग के ऑफर अभी भी नहीं आ रहे हैं। ऐसा बिल्कुल नहीं है कि मेरी हालिया फिल्मों के बाद मेरे पास ऑफर्स की झड़ी लग गई हो।
अर्चना पूरन सिंह ने आगे कहा, "मैंने कुछ दिन पहले एक फिल्म को सिर्फ इसलिए मना कर दिया क्योंकि मुझे वह रोल पसंद नहीं आया था। सच तो यह है कि अभी अच्छे रोल मिल ही नहीं रहे हैं। मैं यह बात साफ तौर पर सभी फिल्ममेकर्स से कहना चाहती हूं कि मैं एक्टिंग करना चाहती हूं, लेकिन हमारी इंडस्ट्री का काम करने का तरीका बहुत अजीब है।”
'हाउसफुल 4' और 'दे दना दन' जैसी सुपरहिट फिल्मों में काम कर चुकीं अर्चना ने बताया कि उनके करियर में यह मंदी रोहित शेट्टी की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'बोल बच्चन' के बाद शुरू हुई। उन्होंने याद करते हुए कहा, "जब बोल बच्चन रिलीज हुई और बॉक्स ऑफिस पर हिट रही, तो मुझे कई ट्रेड एनालिस्ट्स के फोन आए। उन्होंने मुझसे कहा कि अब आपके पास ऑफर्स की बाढ़ आ जाएगी। मैंने उनसे मजाक में कहा था कि जैसे ही पहला ऑफर मिलेगा, मैं आपको फोन करूंगी। आज दस साल बीत चुके हैं, लेकिन मेरे पास उन्हें कॉल करने की कोई वजह नहीं आई, क्योंकि उन 10 सालों में मुझे एक भी रोल ऑफर नहीं हुआ।"
अर्चना पूरन सिंह का कहना है कि काम न मिलने के पीछे मेकर्स की एक खास सोच रही है। बहुत से फिल्ममेकर्स को लगता था कि वह टीवी शोज की शूटिंग में बेहद बिजी हैं और फिल्मों के लिए डेट्स नहीं दे पाएंगी। अर्चना ने कहा, "जब मैं टीवी कर रही थी, तब मैं चाहकर भी फिल्मों के लिए आउटडोर या स्कॉटलैंड जैसे 15 दिनों के शेड्यूल पर नहीं जा सकती थी।"
अर्चना पूरन सिंह ने अफसोस जताते हुए कहा, "इंडस्ट्री मुझे एक सीरियस एक्टर के तौर पर नहीं देखती। मेकर्स को पक्का यकीन ही नहीं है कि मैं एक्टिंग भी कर सकती हूं। मुझे आज भी लगता है कि मैं कोई ऐसी इंसान हैं जो बस सिर्फ कुर्सी पर बैठकर जोर-जोर से हंसती हैं।
वहीं, अर्चना अपनी आने वाली फिक्शनल वेब सीरीज 'आदर्श बाल विद्यालय' को लेकर बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने इसे ओटीटी (OTT) की फिक्शनल दुनिया में कदम रखने का एक शानदार मौका बताया है और वादा किया है कि दर्शक उन्हें एक ऐसे अवतार में देखेंगे, जिसमें पहले कभी नहीं देखा गया।
Updated on:
20 Jul 2026 10:41 am
Published on:
20 Jul 2026 10:37 am
