बॉलीवुड

‘तुम भारत के माइकल जैक्सन बन सकते हो’, अरिजीत सिंह ने काजी तौकीर को बताया था रॉकस्टार, ‘बिग बॉस 20’ में किया खुलासा

Arijit Singh On Qazi Tauqeer: बिग बॉस 20 में नजर आ रहे काजी तौकीर को लेकर अरिजीत सिंह ने एक बार जो बात बोली थी, वो उन्होंने अब बिग बॉस 20 में बताई है।
2 min read
Sep 14, 2026
Arijit Singh On Qazi Tauqeer
अरिजीत सिंह-काजी तौकीर (फोटो सोर्स- IMDb)

Arijit Singh On Qazi Tauqeer: रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' में नजर आ रहे काजी तौकीर इन दिनों अपने अंदाज और व्यक्तित्व को लेकर चर्चा में हैं। शो में आने के बाद 2005 के सिंगिंग रियलिटी शो 'फेम गुरुकुल' की यादें भी ताजा हो गई हैं। इसी शो के दौरान काजी और अरिजीत सिंह की दोस्ती हुई थी। उस समय अरिजीत टॉप-5 में जगह नहीं बना पाए थे, लेकिन काजी के मुताबिक उनके अंदर एक बड़ी संभावना तभी नजर आ गई थी।

17 साल के अरिजीत को दिया था हौसला

'फेम गुरुकुल' में अरिजीत महज 17 साल के थे। एक एपिसोड के दौरान वह भावुक होकर रो पड़े थे, तब काजी ने उन्हें संभाला और उनका हौसला बढ़ाया। काजी ने अरिजीत को बचाने के लिए वोट भी किया था। यही रिश्ता आगे चलकर करीब दो दशक पुरानी दोस्ती में बदल गया।

'दस का दस' जीतकर मिले 10 लाख

'फेम गुरुकुल' के बाद अरिजीत ने सोनी के एक दूसरे रियलिटी शो 'दस का दस' में हिस्सा लिया। शो में 'इंडियन आइडल' और 'फेम गुरुकुल' के प्रतियोगी शामिल हुए थे। हालांकि कार्यक्रम ज्यादा लोकप्रिय नहीं हुआ, लेकिन अरिजीत ने इसका खिताब जीतकर 10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि हासिल की। काजी के मुताबिक, अरिजीत ने इसी रकम से स्टूडियो तैयार करने के लिए सामान खरीदा था। उन्होंने काजी को अपने घर बुलाकर अपने भविष्य की योजनाओं के बारे में भी बताया।

अरिजीत ने कहा था- तुम भारत के माइकल जैक्सन बन सकते हो

उस दौर में अरिजीत करीब 22 साल के थे। उन्होंने काजी से कहा था कि दूसरे देशों में माइकल जैक्सन जैसे पॉप स्टार हैं और भारत में भी काजी ऐसा मुकाम हासिल कर सकते हैं। अरिजीत ने साफ कहा था कि वह मजाक नहीं कर रहे और काजी में इसके लिए पूरी क्षमता है।

हालांकि काजी उस समय अभिनय को लेकर बेहद गंभीर थे। उनका सपना फिल्मों में बड़ा नाम बनना था, इसलिए उन्होंने अरिजीत की बात को ज्यादा महत्व नहीं दिया। अरिजीत ने उन्हें कुछ शो करने के मौके भी दिए, लेकिन काजी का ध्यान अभिनय पर ही रहा।

'तुम ही हो' ने बदल दी अरिजीत की जिंदगी

काजी ने बताया कि जब उन्होंने टीवी पर 'तुम ही हो' गाना सुना तो तुरंत अरिजीत की आवाज पहचान ली। उन्होंने दोस्त को फोन करके गाने की पुष्टि की और कहा कि अब उनकी जिंदगी बदलने वाली है। इसके बाद अरिजीत को लगातार काम मिलने लगा और वह देश के सबसे बड़े गायकों में शामिल हो गए।

अरिजीत ने शुरुआती दौर में संगीतकार प्रीतम के साथ काम करके संगीत की प्रोग्रामिंग और तकनीकी पहलुओं को भी समझा। काजी के मुताबिक, वह सिर्फ बेहतरीन गायक ही नहीं, बल्कि संगीत की दूसरी बारीकियों को भी अच्छी तरह समझते हैं।

सफलता के बाद भी कायम है सादगी

काजी का कहना है कि अरिजीत इतनी बड़ी लोकप्रियता हासिल करने के बावजूद बेहद सामान्य जिंदगी जीते हैं। दोनों की तुलना होने पर भी काजी को कोई अफसोस नहीं होता। वह अरिजीत की सफलता से खुश हैं और अपनी जिंदगी से भी संतुष्ट हैं।

'बिग बॉस 20' में काजी की एंट्री के बाद अरिजीत ने भी सोशल मीडिया पर अपने पुराने दोस्त का समर्थन किया। करीब 20 साल बाद भी दोनों की दोस्ती मजबूत बनी हुई है।

Updated on:
14 Sept 2026 06:21 pm
Published on:
14 Sept 2026 06:21 pm