बॉलीवुड

मां को याद कर भावुक हुए अर्जुन कपूर, सोशल मीडिया पर बयां किया दर्द

अर्जुन कपूर की मां का साल 2012 में हो गया था निधन मां को याद कर अर्जुन कपूर ने सोशल मीडिया पर लिखा इमोशनल नोट

2 min read
Mar 26, 2021
Arjun Kapoor wrote emotional note for his mother

नई दिल्ली: बॉलीवुड एक्टर अर्जुन कपूर अपनी मां के काफी करीब हैं। नौ साल पहले उनका निधन हो गया। जिसके बाद से अर्जुन कपूर और उनकी बहन अंशुला उन्हें याद करते रहते हैं। सोशल मीडिया पर एक्टर ने कई बार मां के साथ अपनी तस्वीरें शेयर की हैं। अब एक बार फिर अर्जुन इमोशनल हो उठे हैं। उन्होंने अपनी मां की तस्वीर शेयर कर एक लंबा नोट लिखा है।

आपकी आवाज कानों में गूंजती है
अर्जुन कपूर ने सोशल मीडिया पर अपनी मां की एक तस्वीर शेयर की है। इसमें उनके चेहरे पर स्माइल है। इस तस्वीर को शेयर कर अर्जुन ने भावुक मैसेज लिखा है, जिसे पढ़ किसी की भी आंखों में आंसू आ जाएं। उन्होंने लिखा, "9 साल हो गए हैं। ये सही नहीं है। मैं आपको याद करता हूं मां। प्लीज वापस आ जाओ प्लीज। आपका मेरी चिंता करना, उसे याद कर रहा हूं। मेरी फ्रिक करना। मैं मिस करता हूं मेरे फोन पर आपका नाम जब आप मुझे कॉल करती थीं। मैं मिस करता हूं घर आना और आपको देखना। मैं आपकी हंसी को मिस करता हूं। आपकी महक को मिस करता हूं। मैं आपकी आवाज में अर्जुन कहना मिस करता हूं। आपकी आवाज मेरे कानों में गूजंती है।"

वापस आ जाओ ना
अर्जुन आगे लिखते हैं, "मैं आपको वाकई याद करता हूं मॉम। मैं उम्मीद करता हूं कि आप जहां भी हो ठीक हो। मैं भी ठीक होने की कोशिश कर रहा हूं। ज्यादातक दिन मैं खुद को संभाल लेता हूं लेकिन मुझे आपकी याद आ रही है। वापस आ जाओ ना।" अर्जुन की इस पोस्ट पर बॉलीवुड के तमाम स्टार्स ने उनका ढाढस बंधाया है। उनकी गर्लफ्रेंड मलाइका अरोड़ा ने भी उनकी पोस्ट पर दिल वाला इमोजी कमेंट किया है।

छह साल तक कमरा नहीं खोला
इससे पहले भी कई बार अर्जुन कपूर अपनी मां को खोने का दर्द बयां कर चुके हैं। पिछले साल एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि मां के निधन के छह साल तक वह उनका कमरा नहीं खोल पाए थे। अर्जुन ने कहा, 'ये नॉर्मल बात नहीं है कि घर में जगह न हो लेकिन आप एक कमरे को पूरी तरह बंद करके रखें। मेरे और मेरी बहन के लिए ये घर हमारी मां का ही है। मैं बाहर जाता हूं तो काम करता हूं। एक्टिंग करता हूं। लोगों को खुश करता हूं। स्टार होने की खुशी मनाता हूं। लेकिन घर आता हूं तो मां को बता नहीं पाता कि मैंने क्या किया। इसलिए सब अधूरा सा लगता है।'

पहली फिल्म नहीं देख पाईं मां
बता दें कि अर्जुन कपूर की मां मोना कपूर का निधन 2012 में हुआ था। उन्हें कैंसर था। उस वक्त अर्जुन बॉलीवुड में अपना डेब्यू करने वाले थे। उनकी फिल्म इशकजादे रिलीज होने वाली थी। लेकिन बेटे की फिल्म रिलीज से पहले ही अर्जुन की मां ने दुनिया को अलविदा कह दिया। मोना कपूर बोनी कपूर की पहली पत्नी थीं।

Published on:
26 Mar 2021 09:52 am
Also Read
View All