
Asha Bhosle Heart Attack: बॉलीवुड की दिग्गज सिंगर आशा भोसले को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। शनिवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के मशहूर ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, 92 वर्षीय गायिका को हार्ट अटैक आया, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। खबर है कि वह ICU में भर्ती है।
आशा भोसले की ब्रीच कैंडी अस्पताल के डॉक्टरों की एक टीम निगरानी कर रही है। हालांकि, अस्पताल प्रशासन या उनके परिवार की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक हेल्थ बुलेटिन जारी नहीं किया गया है, लेकिन उनके करोड़ों फैंस इस वक्त उनकी सलामती की दुआएं मांग रहे हैं।
आशा भोसले महज एक नाम नहीं, बल्कि भारतीय संगीत का एक पूरा अध्याय हैं। 8 सितंबर 1933 को जन्मी आशा ताई ने अपनी जादुई आवाज से सात दशकों से भी ज्यादा समय तक फिल्म इंडस्ट्री पर राज किया है। उन्होंने हिंदी समेत 20 से ज्यादा भाषाओं में करीब 12,000 गाने गाए हैं। उनकी इसी उपलब्धि के कारण उनका नाम 'गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स' में भी दर्ज है।
अपनी बड़ी बहन, स्वर कोकिला दिवंगत लता मंगेशकर के साथ मिलकर उन्होंने बॉलीवुड संगीत की जो नींव रखी, उसकी मिसाल आज भी दी जाती है। जहाँ लता जी की आवाज में गंभीरता थी, वहीं आशा जी ने अपनी चुलबुली और वर्सेटाइल आवाज से हर तरह के गानों—चाहे वो भजन हों, गजलें हों या फिर कैबरे—में जान फूंक दी।
आशा जी ने संगीत की दुनिया के बेताज बादशाह आर.डी. बर्मन (पंचम दा) से शादी की थी। इस जोड़ी ने संगीत के इतिहास में कई यादगार और सदाबहार नगमे दिए हैं। संगीत के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान के लिए भारत सरकार ने साल 2008 में उन्हें देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से नवाजा था। इसके अलावा उन्हें दादा साहब फाल्के पुरस्कार समेत अनगिनत फिल्मफेयर अवॉर्ड्स मिल चुके हैं।
इस खबर के बाद सोशल मीडिया पर दुआओं का दौर शुरू हो गया है। हर कोई यही उम्मीद कर रहा है कि अपनी आवाज से सबको मंत्रमुग्ध करने वाली आशा ताई जल्द से जल्द ठीक होकर घर वापस लौटें।