
मुंबई। आमिर खान और अमिताभ बच्चन के अभिनय से सजी मेगा बजट फिल्म 'ठग्स आॅफ हिन्दोस्तान' बॉक्स आॅफिस पर वो धमाल नहीं मचा पा रही है जितना इससे उम्मीद की जा रही थी। जबकि आयुष्मान खुराना की 'बधाई हो' लगातार कमाई के रिकॉर्ड तोड़ रही है। घरेलू बॉक्स आॅफिस ही नहीं इंटरनेशनल मार्केट में भी 'बधाई हो' आमिर की मूवी को पछाड़ती नजर आ रही है।
अब तक के बॉक्स आॅफिस कलेक्शन पर नजर डालें तो यह साफ हो जाता है कि आमिर की मूवी ने रिलीज के पहले दिन बम्पर कमाई की। लेकिन इसके बाद इनकम का ग्राफ नीचे जाता रहा। कुल मिलाकर अब तक 'ठग्स आॅफ हिन्दोस्तान' ने करीब 140 करोड़ का बिजनेस कर लिया है। ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के मुताबिक इस मूवी का अब 150 करोड़ तक पहुंचना भी मुश्किल लग रहा है। मूवी को इंटरनेशनल मार्केट में भी अच्छा रिस्पोंस नहीं मिला है।
'बधाई हो' 200 करोड़ के पार
'बधाई हो' का अब तक का कुल कलेक्शन 200 करोड़ के पार जा चुका है और फिल्म अभी भी कमाई कर रही है। इसमें से घरेलू बॉक्स आॅफिस का कलेक्शन 127.60 करोड़ हो चुका है। इंटरनेशनल मार्केट में 19 नवंबर तक 'बधाई हो' ने 43.72 करोड़ का बिजनेस किया था जो लगातार बढ़ते जा रहा है।
तरण आदर्श ने अनुमान जताया है अगर ये ही हाल रहा तो बहुत जल्द 'बधाई हो' की कमाई 'ठग्स आॅफ हिन्दोस्तान' को पीछे छोड़ देगी। माना जा रहा है कि अब अक्षय कुमार और रजनीकांत की फिल्म '2.0' का क्रेज बढ़ रहा है जिसके चलते 'ठग्स आॅफ हिन्दोस्तान' के आगे कमाई करने के चांस ना के बराबर हैं।