
Diljit Dosanjh Ahmedabad Concert: अहमदाबाद कॉन्सर्ट को लेकर गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ सुर्खियों में आ गए हैं। कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक, अहमदाबाद में होने वाले शो से पहले डिस्ट्रिक्ट चाइल्ड प्रोटेक्शन ऑफिसर (DCPO) ने पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर दिलजीत के चार गानों- 'पटियाला पैग', '5 तारा ठेके', 'जेब विचो फीम' और 'जट्ट फायर करदा'... पर रोक लगाने की मांग की थी। इसके बावजूद 21 नवंबर को कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने शराब से जुड़ा एक ऐसा ट्रैक गाया, जिसे न गाने की उन्हें सलाह दी गई थी, जिससे प्रोटोकॉल और पाबंदियों को लेकर नई बहस छिड़ गई है। साथ ही इस दौरान दिलदीज गुस्से में भी नजर आए। उन्होंने स्टेज पर भी गाने को लेकर बेबाक बयान दे दिया।
अहमदाबाद कॉन्सर्ट में दर्शकों से रूबरू होते हुए दिलजीत दोसांझ ने शराब और नशीले पदार्थों से जुड़े गानों पर लगाई गई पाबंदियों को लेकर तंज कसा। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कोल्डप्ले यहां आकर 'आई एम फीलिंग ड्रंक एंड हाई' गाता है, तो किसी को कोई आपत्ति नहीं होती, लेकिन जब दिलजीत ऐसा करता है तो समस्या खड़ी हो जाती है। दिलजीत ने इसे 'डबल स्टैंडर्ड' करार देते हुए कहा कि विदेशी कलाकारों के प्रदर्शन पर किसी को दिक्कत नहीं होती, पर उन पर अलग नियम लागू होता है।
दिलजीत ने अपनी जड़ों और टीम का जिक्र करते हुए यह भी कहा कि वह यहीं पैदा हुए हैं, होनोलूलू में नहीं, और उनके साथ दुनिया भर में सफर करने वाले म्यूजिशियन भी भारतीय हैं जो यहीं जन्मे हैं। उन्होंने भीड़ से उन कलाकारों के लिए तालियां बजाने की अपील भी की।
दिलजीत दोसांझ ने आगे बात करते हुए कहा कि उन पर पाबंदियां लगाने वालों से उन्हें कोई परेशानी नहीं है, बल्कि वह मजे से परफॉर्म कर रहे हैं। उन्होंने एक पंजाबी दोहा भी सुनाया और उम्मीद जताई कि कविता पर कोई रोक नहीं होगी। साथ ही उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि अगर उन्हें उकसाया गया तो वह जवाब देंगे और परेशान किया गया तो वह ट्रेंड करेंगे। दिलजीत ने कहा कि वह परफॉर्म करेंगे, टैक्स भरेंगे और दुनिया भर में पंजाबी व भारतीय संगीत को आगे बढ़ाते रहेंगे।
बता दें, यह पूरा घटनाक्रम चंडीगढ़ के प्रोफेसर डॉ. पंडित राव धरेनवर द्वारा अहमदाबाद कॉन्सर्ट से पहले जताए गए विरोध के बाद सामने आया है। उन्होंने गन कल्चर, शराब और ड्रग्स को बढ़ावा देने वाले बोल का हवाला देते हुए चार गाने न गाने की मांग की थी और ऐसा होने पर गुजरात हाई कोर्ट में कोर्ट की अवमानना की अर्जी दाखिल करने की चेतावनी भी दी थी।