
Diljit Dosanjh Two Test Positive for Drugs: मुंबई में पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। फिल्मी जगत से भी कई सितारे सिंगर का शो देखने पहुंचे थे। काफी समय से दिलजीत को बम से उड़ाने की धमकियां मिल रही थीं। यही वजह है कि शो के दौरान पूरा मुंबई अलर्ट पर था। ऐसे में एंटी-नारकोटिक्स स्क्रीनिंग भी हो रही थी। अब खबर है कि इसमें दो लोगों के ड्रग्स लेने के लिए पॉजिटिव पाए जाने का मामला सामने आया है। मुंबई पुलिस के एंटी-नारकोटिक्स सेल ने अपनी नई मोबाइल टेस्टिंग वैन के जरिए यह जांच की।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में कुल 40 लोगों की स्क्रीनिंग की गई थी, जिनमें से दो की रिपोर्ट पॉजिटिव आई और उन्हें आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए ताड़देव पुलिस के हवाले कर दिया गया। यह कार्रवाई महालक्ष्मी रेसकोर्स में आयोजित कॉन्सर्ट को लेकर चल रहे विवादों के बीच हुई है।
इससे पहले महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के पदाधिकारी दिनेश ज्ञानेश्वर पुंधे ने ताड़देव पुलिस स्टेशन के सीनियर इंस्पेक्टर को पत्र लिखकर लाइव शो में ड्रग्स के कथित इस्तेमाल व बिक्री पर चिंता जताते हुए इस कान्सर्ट को रद्द करने की मांग की थी। लेकिन यह शो 27 नवंबर की शाम मुंबई में आयोजित हुआ। जिसके बाद ये खबर सामने आई है।
बता दें, इससे पहले 22 नवंबर को भी महालक्ष्मी रेसकोर्स के एक अन्य इवेंट में एंटी-ड्रग अभियान चलाया गया था। तब AI-इनेबल्ड मोबाइल फोरेंसिक वैन के जरिए 55 लोगों का सलाइवा टेस्ट किया गया था, जिसमें शुरुआती तौर पर 12 लोग पॉजिटिव मिले थे- जिनमें से 11 में गांजा और एक में कोकेन की पुष्टि होने पर सभी ताड़देव पुलिस स्टेशन ले जाया गया था।
मुंबई कॉन्सर्ट से पहले बम की धमकियों की खबरों ने भी माहौल को संवेदनशील बना दिया था, लेकिन सुरक्षा चिंताओं के बावजूद दिलजीत दोसांझ स्टेज पर बेफिक्र नजर आए और दर्शकों से खुलकर बातचीत की।
धमकियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भले ही उन पर बम फेंका जाए, लेकिन उनकी तरफ से केवल प्यार ही मिलेगा। उन्होंने कविता की पंक्तियां भी सुनाईं, "शहरों में बारूदों का मौसम है, गांव चलो ये बारूदों का मौसम है।" दिलजीत के अनुसार, ऐसी धमकियों का मकसद लोगों में डर पैदा करना और दर्शकों को शो में आने से रोकना है ताकि उन्हें डराया-धमकाया जा सके। साथ ही उन्होंने सुरक्षित प्रवेश, सुरक्षा इंतजामों और स्क्रीनिंग प्रक्रिया के लिए मुंबई पुलिस का आभार जताया और उनकी सराहना की।