दिव्यांका त्रिपाठी ने हाल ही में 'क्राइम पेट्रोल' की शूटिंग पूरी की थी। इसके कुछ एपिसोड्स में दिव्यांका बिना दुपट्टे वाले सूट पहने हुए नजर आई थीं। ऐसे में एक यूजर ने उन्हें ट्रोल कर दिया।
नई दिल्ली। टीवी की मशहूर एक्ट्रेस दिव्यांका त्रिपाठी को लोग काफी पसंद करते हैं। उन्होंने सीरियल 'बनूं मैं तेरी दुल्हन' से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। जिसके बाद से ही वह घर-घर में पॉपुलर हो गईं। इन दिनों दिव्यांका रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी' के 11वें सीजन की शूटिंग कर रही हैं। इस शो की शूटिंग साउथ अफ्रीका के केप टाउन में हो रही है। वहां रहते हुए भी दिव्यांका सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं। फैंस के साथ वह अपनी तस्वीरें शेयर करती रहती हैं। साथ ही, कोई उन्हें ट्रोल करता है तो वह करारा जवाब देकर उसकी बोलती भी बंद कर देती हैं।
हाल ही में एक यूजर ने अपनी छोटी सोच दिखाते हुए दिव्यांका से सवाल पूछा कि उन्होंने क्राइम पेट्रोल एपिसोड में दुपट्टा क्यों नहीं पहना। ऐसे में एक्ट्रेस ने उस यूजर को करारा जवाब दिया। दरअसल, हाल ही में दिव्यांका ने 'क्राइम पेट्रोल' की शूटिंग पूरी की थी। इस शो होस्ट करते हुए दिव्यांका कुछ एपिसोड्स में बिना दुपट्टे वाले सूट पहने हुए नजर आई थीं। ऐसे में एक यूजर ने उनसे सवाल पूछा- 'क्राइम पेट्रोल एपिसोड में आप दुपट्टा क्यों नहीं पहनती हैं?'
इस सवाल का जवाब देते हुए दिव्यांका लिखती हैं, 'ताकि आप जैसे बिन दुपट्टे की लड़कियों को इज्जत से देखने की आदत डालें। कृप्या खुद की और अपने आस-पास के लड़कों की नीयत सुधारें ना कि औरत जात के पहनावे का बीड़ा उठाएं। मेरा शरीर, मेरी आबरू, मेरी मर्जी। आपकी शराफत आपकी मर्जी।' एक्ट्रेस के जवाब पर एक यूजर ने उन पर पलटवार करते हुए लिखा, 'अरे मैडम जी घनश्याम जी की आपने बैंड बजा दी सीधा नियत पर सवाल उठा दिया उनकी क्या मालूम आपके फैन हों आप उनको दुपट्टे में अच्छी लगती हो।'
ऐसे में इस पर भी दिव्यांका ने यूजर को मुंहतोड़ जवाब दिया। उन्होंने लिखा, 'जी संभव है! यदि वह फैन हैं तो उस प्रेम को सलाम। पर महिलाओं के परिधान पर सवाल करना अब पुरातन काल कि बात हो गई है। हम अभिनय, विज्ञान, राजनीति, इतिहास, भूगोल कई विषयों पर चर्चा कर सकते हैं ! दुपट्टा अत्यंत तुच्छ विषय है उस मुकाबले।' दिव्यांका के ये ट्वीट अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।