
Devdas Actress Nazima: 1960 और 70 के दशक में हिंदी सिनेमा में नायकों और नायिकाओं की आदर्श बहन और सबसे अच्छी दोस्त के रूप में पहचान बनाने वाली अभिनेत्री नाजिमा का 77 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। अभी तक उनके निधन का कारण पता नहीं चल पाया है। नाजिमा अपने दो बेटों के साथ मुंबई के दादर इलाके में रहती थीं।
नाजिमा ने अपने करियर में हिंदी सिनेमा को कई यादगार फिल्में दी हैं और लोगों के दिलों में उन्होंने अपनी एक खास जगह बनाई थी। उनके निधन की खबर से इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है और फैंस उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
बता दें कि नाजिमा के निधन की पुष्टि उनके भाई ने की है। दिग्गज अभिनेत्री नाजिमा का जन्म 25 मार्च 1948 को हुआ था। उन्होंने अपने करियर में ज्यादातर सपोर्टिंग रोल किए, लेकिन अपनी बेहतरीन एक्टिंग से उन्होंने दर्शकों का दिल जीत लिया। नाजिमा को बॉलीवुड की 'रेजिडेंट सिस्टर' के रूप में भी जाना जाता था, क्योंकि उन्होंने कई फिल्मों में बहन का किरदार निभाया था। दरअसल नाजिमा ने अपने करियर की शुरुआत बाल कलाकार के रूप में फिल्म 'दो बीघा जमीन' से की थी, जिसमें उन्होंने दो बहनों में सबसे बड़ी बहन की भूमिका निभाई थी। उन्हें मशहूर फिल्मकार बिमल रॉय की खोज माना जाता है। नाजिमा के निधन से हिंदी सिनेमा ने एक बेहतरीन कलाकार खो दिया है।