
इस बार 15 अगस्त के दिन बॉक्स आॅफिस पर बड़ा क्लैश होने जा रहा है। इस दिन दो बड़ी फिल्में रिलीज होंगी। दोनों ही फिल्म देशभक्ति पर आधारित हैं। बता दें कि इस स्वतंत्रता दिवस पर अक्षय कुमार की फिल्म 'गोल्ड' और जॉन अब्राहम की फिल्म 'सत्यमेव जयते' रिलीज होने जा रही है। दोनों ही फिल्में देश के लिए प्रेम की अलग अलग कहानी दिखाएंगी। फिल्म 'गोल्ड' हॉकी में भारत के पहले ओलंपिक गोल्ड मेडल जीतने की कहानी दिखाई जाएगी। वहीं 'सत्यमेव जयते' में जॉन अब्राहम भ्रष्ट पुलिस अफसरों को सबक सिखाते नजर आएंगे।
क्लैश पर बोले जॉन:
पिछले दिनों एक इंटरव्यू में जब जॉन से अक्षय की फिल्म के साथ क्लैश और फिल्म के कलेक्शन पर पड़ने वाले प्रभाव के बारे में सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा,'अक्षय मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं। मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं। मुझे लगता है कि दोनों फिल्में एक दिन रिलीज हो सकती हैं और वो चल भी सकती हैं। दोनों ही फिल्मों को पर्याप्त स्क्रीन्स मिलने की पूरी उम्मीद है।'
बड़ी स्टारकास्ट से सजी दोनों फिल्में
बता दें कि निर्माता मिलाप झावेरी की फिल्म 'सत्यमेव जयते' में जॉन अब्राहम के अलावा मनोज वाजपेयी प्रमुख भूमिका में हैं। वहीं जॉन के अपोजिट आयशा शर्मा दिखेंगी। ये आयशा की डेब्यू फिल्म है। आयशा शर्मा बॉलीवुड अभिनेत्री नेहा शर्मा की बहन हैं। बता करें अक्षय की 'गोल्ड' की तो उनके साथ टीवी स्टार मौनी रॉय डेब्यू करने जा रही हैं। इसके अलावा कुणाल कपूर, विनीत कुमार सिंह और अमित साध भी अहम भूमिका में नजर आएंगे।
अच्छे दोस्त हैं अक्षय और जॉन:
बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार अक्षय और जॉन अब्राहम अच्छे दोस्त हैं। इन दोनों ने साथ में कई फिल्मों में काम किया है। अक्षय और जॉन 'गरम मसाला', 'देसी बॉयज' और 'हाउसफुल 2' जैसी फिल्मों में साथ नजर आ चुके हैं। इनकी दोस्ती आॅन स्क्रीन ही नहीं बल्कि आॅफ स्क्रीन भी अच्छी है।
बॉक्स आॅफिस क्लैश पर बोले अक्षय:
अक्षय कुमार से जब 'गोल्ड' और 'सत्यमेव जयते' के बॉक्स आॅफिस क्लैश पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'हम किसी भी अवसर पर हमारी फिल्मों को एक साथ रिलीज कर सकते हैं, चाहे ईद, दीपावली या क्रिसमस हो क्योंकि हम सभी दोस्त हैं।'