बॉलीवुड

‘मैं दिल से इंडियन ही हूं’, ‘हनुमान अंश’ के पार्वती गाने में नजर आईं ईरानी एक्ट्रेस, बोलीं- मेरा भारत से पिछले जन्म का कनेक्शन

Hanuman Ansh Agni Agyari: 'हनुमान अंश' के पार्वती गाने में नजर आईं ईरानी एक्ट्रेस अग्नि अग्यारी ने हाल ही में अपने करियर और काम को लेकर बात की है। एक्ट्रेस ने क्या कुछ कहा है, चलिए जानते हैं।
2 min read
• •
Oct 04, 2026
Hanuman Ansh Agni Agyari
हनुमान अंश (फोटो सोर्स- Youtube/ Times Music Spiritual)

Hanuman Ansh Agni Agyari: फिल्म 'हनुमान अंश' के भजन 'पार्वती' की लोकप्रियता ने ईरानी एक्ट्रेस और म्यूजिशियन अग्नि अग्यारी को अचानक सुर्खियों में ला दिया है। इस म्यूजिकल वीडियो ने भारत में यूट्यूब म्यूजिक के साप्ताहिक गानों के चार्ट में नंबर 1 की जगह बनाई, जबकि ग्लोबल स्तर पर यह दूसरे नंबर तक पहुंचा। गाने की सफलता के बाद अग्नि को भी दर्शकों का खूब प्यार मिल रहा है।

पार्वती गाने में नजर आईं अग्नि

अग्नि इस फिल्म की मुख्य कलाकार नहीं हैं। वो ‘पार्वती’ के म्यूजिक वीडियो में बतौर म्यूजिशियन नजर आई हैं। वीडियो में गायक, लेखक और कंपोजर साधु तिवारी परफॉर्म करते हैं, जबकि अग्नि म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट्स बजाती दिखाई देती हैं। गाने के आधिकारिक क्रेडिट में भी अग्नि अग्यारी का नाम वीडियो में नजर आने वाले म्यूजिशियंस के साथ शामिल है।

'एचटी सिटी' से बात करते हुए अग्नि ने बताया कि उन्हें इस गाने का हिस्सा इसलिए बनाया गया क्योंकि वह हैंडपैन और काहून जैसे म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट्स बजाना जानती हैं। उनके मुताबिक, इस प्रोजेक्ट के लिए एक्टिंग से ज्यादा एक ऐसे कलाकार की जरूरत थी, जिसे संगीत की समझ हो। उन्होंने यह भी बताया कि वीडियो में उन्होंने अपनी साड़ी पहनी थी। अग्नि ने इस मौके के लिए निर्देशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी और सिंगर-कंपोजर ऋषि पाठक का शुक्रिया भी अदा किया।

भारत से खास जुड़ाव महसूस करती हैं अग्नि

ईरान के तेहरान में जन्मी और पली-बढ़ी अग्नि अग्यारी पारसी यानी जोरोएस्ट्रियन परिवार से आती हैं। हालांकि भारत से उनका लगाव बचपन से रहा है। उन्होंने बताया कि बचपन में उन्हें भारतीय फिल्में काफी पसंद थीं और ‘ओम जय जगदीश हरे’ भजन से उनका खास जुड़ाव रहा। उन्होंने इस भजन को फारसी भाषा में लिखकर गाया भी था।

अग्नि का मानना है कि भारत से उनका कोई गहरा आध्यात्मिक संबंध हो सकता है। उन्होंने कहा कि शायद यह किसी पिछले जन्म का कनेक्शन है और दिल से वह खुद को भारतीय मानती हैं।

चार साल से भारत में बना रही हैं पहचान

अग्नि पिछले करीब चार साल से भारत में काम कर रही हैं। इस दौरान वो शाहरुख खान, करीना कपूर खान और यामी गौतम जैसे कलाकारों के साथ विज्ञापनों में काम कर चुकी हैं। इसके अलावा वह टीवी सीरीज ‘बड़े अच्छे लगते हैं 3’ और ‘शोटाइम’ में भी नजर आई हैं।

अग्नि ने बताया कि उन्होंने हिंदी बोलना सीखने के लिए करीब दो साल तक ऐसे प्रोजेक्ट नहीं किए, जिनमें उन्हें ज्यादा संवाद बोलने पड़ते। उनका मकसद विदेशी किरदारों तक सीमित न रहकर हिंदी फिल्मों में अपनी पहचान बनाना था। वह इस साल संजय लीला भंसाली के प्रोडक्शन ‘डू दीवाने शहर में’ और हालिया फिल्म ‘लव लॉटरी’ में भी काम कर चुकी हैं। ‘पार्वती’ की सफलता को वह अपने करियर के लिए भगवान का आशीर्वाद मान रही हैं।

Updated on:
04 Oct 2026 06:20 pm
Published on:
04 Oct 2026 05:53 pm