
अभिनेत्री अनुष्का शर्मा अपनी आगामी फिल्म 'सुई धागा-मेड इन इंडिया' में बिल्कुल देसी अंदाज में नजर आएंगी। इस फिल्म में अनुष्का के किरदार का नाम 'ममता' है। अनुष्का इस फिल्म में अपने लुक को लेकर काफी चर्चा में रही हैं। उनके लुक की काफी तारीफ हुई है। वहीं सोशल मीडिया पर उनके लुक को लेकर कुछ लोग मजाक भी बना रहे हैं। हालांकि वह अपने ममता वाले लुक से लोगों को इम्प्रेस करने में कामयाब रही हैं।
ममता का लुक बेहद पसंद:
अनुष्का शर्मा का कहना है कि उन्हें 'ममता' का लुक बेहद पसंद है। उन्होंने कहा, मुझे ममता के लुक में आने के लिए सिर्फ 20 मिनट ही लगते थे। यह बहुत ही सिम्पल है और फिल्मों में जिस तरह से इन किरदारों को दिखाया जाता है, उनसे एकदम जुदा है। मैं ऑडियंस की आभारी हूं कि उन्हें ममता का कैरेक्टर पसंद आया। साथ ही उन्होंने कहा, 'ममता के इस लुक का क्रेडिट दर्शन और मेरे मेकअप आर्टिस्ट क्लोवर वूटोन को जाता है।'
इस तरह के किरदार को लुक देना मुश्किल:
'सुई धागा' के कॉस्ट्यूम डायरेक्टर दर्शन जालान का कहना है कि उनकी राय में इस तरह के किरदार को लुक देना मुश्किल काम है। उन्होंने अनुष्का के इस लुक के लिए ग्रामीण गृहणियों को लेकर खूब रिसर्च की थी। दर्शन का कहना है कि फिल्म में अनुष्का का किरदार और लुक बहुत ही सिम्पल है और इससे चीजें थोड़ी जटिल भी हो जाती है। इसमें अनुष्का एक निम्न मध्यवर्गीय परिवार की गृहणी के किरदार मे हैं, जो शहर से दूर रहती है। इसलिए तय किया गया कि अनुष्का सिंथेटिक साड़ियां पहनेंगी क्योंकि न वे सिर्फ सस्ती होती हैं बल्कि आसानी से धुल और सूख भी जाती हैं।
एक महिला को देखकर दिया गया था लुक:
दर्शन का कहना है कि उन्होंने कुछ भी फाइनल करने से पहले लोगों को काफी करीब से देखा। दर्शन के घर पर शनिवार को एक महिला स्थानीय मंदिर के लिए चंदा लेने आती थी, वो उनके जेहन में थी। वो हमेशा एक जैसे कलर टोन वाली सिंथेटिक साड़ियां पहनती थी और हमेशा अपना सिर ढककर रखती थी। इस तरह की यादें अनुष्का के किरदार को गढ़ने में मददगार रहीं।
28 सितम्बर को होगी रिलीज:
यश राज फिल्म्स की 'सुई धागा- मेड इन इंडिया' 28 सितंबर को रिलीज होगी। फिल्म को मनीष शर्मा ने प्रोड्यूस किया है और इसका डायरेक्शन शरत कटारिया ने किया है।