
Jeetendra Praises Son Tusshar Kapoor: हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता जितेंद्र ने अपने बेटे और एक्टर तुषार कपूर को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिसकी चर्चा हो रही है। छह दशक से ज्यादा लंबे फिल्मी करियर में कई हिट फिल्में देने वाले जितेंद्र का मानना है कि उनके बेटे तुषार उनसे कहीं बेहतर अभिनेता हैं। उन्होंने तुषार की तारीफ करते हुए कहा कि वह उनसे ज्यादा मेहनती और अपने काम के प्रति समर्पित हैं। वहीं, अपनी सफलता का श्रेय जितेंद्र ने अपनी प्रतिभा के बजाय किस्मत और सही समय पर मिले मौके को दिया है।
हाल ही में 'वैरायटी इंडिया' को दिए एक इंटरव्यू में जितेंद्र ने अपने फिल्मी सफर, बेटे तुषार के करियर और बेटी एकता कपूर की उपलब्धियों पर खुलकर बात की।
इंटरव्यू के दौरान जब जितेंद्र से पूछा गया कि उनके मुकाबले तुषार कपूर को फिल्म इंडस्ट्री में उतनी बड़ी सफलता क्यों नहीं मिली, तो उन्होंने कहा कि यह सब किस्मत का खेल है। जितेंद्र के मुताबिक, तुषार उनसे कहीं बेहतर और ज्यादा समर्पित अभिनेता हैं।
उन्होंने कहा, "तुषार मुझसे कहीं बेहतर अभिनेता है और अपने काम के प्रति मुझसे ज्यादा समर्पित भी है। मैं यह सिर्फ इसलिए नहीं कह रहा हूं क्योंकि वह मेरा बेटा है। मैं तो बस सही समय पर सही जगह मौजूद था।"
अपनी सफलता के पीछे की कहानी बताते हुए जितेंद्र ने फिल्ममेकर वी. शांताराम का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अगर वी. शांताराम ने उन्हें नहीं देखा होता और हीरो बनने का मौका नहीं दिया होता, तो शायद उनका करियर भी कुछ और होता। जितेंद्र ने माना कि उस समय उनके पास न तो अनुभव था और न ही खास प्रतिभा, बल्कि उनकी किस्मत अच्छी थी।
जितेंद्र ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत साल 1964 में वी. शांताराम की फिल्म 'गीत गाया पत्थरों ने' से की थी। हालांकि, उन्हें असली पहचान साल 1967 में आई फिल्म 'फर्ज' से मिली।
इसके बाद उन्होंने 'कारवां', 'हमजोली', 'जीने की राह', 'बिदाई', 'धर्मवीर', 'हिम्मतवाला', 'तोहफा', 'मकसद' और 'स्वर्ग नरक' जैसी कई फिल्मों में काम किया। 70 और 80 के दशक में उनके डांस का अंदाज इतना लोकप्रिय हुआ कि उन्हें बॉलीवुड का 'जंपिंग जैक' कहा जाने लगा।
जितेंद्र ने यह भी बताया कि उन्होंने कभी तुषार के करियर में ज्यादा दखल नहीं दिया। उनके मुताबिक, तुषार काफी समझदार और अपने काम को लेकर फोकस्ड हैं। उन्हें कभी अपने पिता की सलाह की जरूरत नहीं पड़ी।
वहीं, बेटी एकता कपूर को लेकर उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि बचपन में उन्हें एकता की ज्यादा चिंता रहती थी। वह उस समय खाने-पीने में काफी व्यस्त रहती थीं और अपने भाई का टिफिन भी खा जाती थीं। हालांकि, आज एकता की उपलब्धियों पर उन्हें गर्व है। जितेंद्र ने बताया कि एकता चैरिटी के कामों के साथ बुजुर्गों के लिए एक वृद्धाश्रम भी चलाती हैं, जिसके बारे में वो ज्यादा चर्चा नहीं करतीं।जितेंद्र ने यह भी खुलासा किया कि अब उन्होंने तुषार को अपने कंस्ट्रक्शन बिजनेस से भी जोड़ लिया है।
तुषार कपूर ने साल 2001 में फिल्म 'मुझे कुछ कहना है' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। उन्होंने 'खाकी', 'शूटआउट एट लोखंडवाला', 'द डर्टी पिक्चर' और 'शोर इन द सिटी' जैसी फिल्मों में काम किया। हालांकि, उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता रोहित शेट्टी की 'गोलमाल' फ्रेंचाइजी में लकी के किरदार से मिली।
अब तुषार 'गोलमाल 5' की तैयारी कर रहे हैं। रोहित शेट्टी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में अजय देवगन, अक्षय कुमार, अरशद वारसी, शरमन जोशी और श्रेयस तलपड़े भी नजर आएंगे। फिल्म 8 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।