
Hema Choudhary On Sharad Kapoor Health: बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता शरद कपूर (Sharad Kapoor) इन दिनों अपनी गंभीर आर्थिक तंगी, स्वास्थ्य समस्याओं और निजी संघर्षों के चलते लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। कुछ समय पहले हेमा चौधरी जो एनिमल वेलफेयर NGO की संस्थापक हैं उन्होंने शरद कपूर के 4 डॉग्स को रेस्क्यू किया था। फिर उन्होंने बताया था कि शरद कपूर की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है। जिसके बाद इंडस्ट्री के बड़े-बड़े सितारों ने उनकी मदद की। अब हेमा चौधरी ने एक बार फिर शरद कपूर को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि शरद क्या बोलते हैं क्या करते हैं उन्हें खुद नहीं पता। साथ ही उन्होंने कहा कि जो लोग उनकी मदद कर रहे हैं वह नुमाइश न करें।
हेमा चौधरी ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो जारी किया है। उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए बताया कि वह रोज रात को शरद कपूर के पास जाती हैं, उन्हें खाना खिलाती हैं और उनसे बात करती हैं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि शरद कपूर इस समय पूरी तरह से ठीक नहीं हैं और मानसिक रूप से ट्रॉमा से गुजर रहे हैं। ऐसे में कुछ लोग लंच के बहाने उन्हें बाहर ले जाकर और हाथ में कैश देकर वीडियो बना रहे हैं, जो पूरी तरह से गलत है।
हेमा चौधरी ने तीखे सवाल पूछते हुए कहा, "कौन हो भाई, कहां से आए हो भाई? दान-धर्म करने वाला कभी पैसे हाथ में देकर वीडियो बनाता है क्या?" हेमा ने यह भी खुलासा किया कि जब उन्होंने बाद में शरद से इस बारे में पूछा कि क्या उन्होंने रास्ते में पैसे लिए हैं, तो अभिनेता ने हैरान होते हुए कहा, "हेमां, मुझे तो पता भी नहीं कौन था, क्या था... जबरदस्ती हाथ में पैसे देने लगे और वीडियो बनाने लगे।" उन्होंने साफ किया कि शरद को इस तरह की वीडियो शूट करने वाले पब्लिसिटी स्टंट की नहीं, बल्कि सही मेडिकल अटेंशन और देखभाल की जरूरत है।
हेमा चौधरी ने फिल्म इंडस्ट्री और सोशल मीडिया क्रिएटर्स पर निशाना साधते हुए कहा कि जब तक शरद अकेले थे, तब तक उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं था। अब जब वह अपनी जिंदगी के सबसे बुरे दौर से गुजर रहे हैं, तो लोग अपनी रील्स और फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए उनके नाम का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोई नया 'गुरुजी' बनकर कैमरे के सामने यह कह रहा है कि जिसे काम चाहिए वह बताए, लेकिन असलियत यह है कि पहले उन्हें पैरों पर खड़े होने लायक और जीने का मौका तो दिया जाना चाहिए।
उन्होंने मीडिया और सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की है कि वह अभिनेता को परेशान न करें, जियो और जीने दो की भावना रखें। शरद ने खुद किसी से पैसे नहीं मांगे हैं, और जो लोग उनके नाम पर डोनेशन रील्स बना रहे हैं, उन्हें तुरंत ऐसा करना बंद कर देना चाहिए।