
Juhi Chawla On MS Dhoni Retirement: भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल और चहेते कप्तानों में शुमार महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) ने IPL से सन्यास ले लिया है। उनके इस फैसले ने सोशल मीडिया पर हर किसी को हैरान कर दिया। क्रिकेट और मनोरंजन जगत से लगातार भावुक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के पूर्व कप्तान के योगदान को सराहने वालों में बॉलीवुड अभिनेत्री और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की सह-मालकिन जूही चावला (Juhi Chawla) का नाम भी शामिल हो गया है। जूही ने सोशल मीडिया पर धोनी के नाम एक बेहद प्यारा और पुरानी यादों से जुड़ा संदेश शेयर किया है।
जूही चावला ने अपने ऑफिशियल X (पूर्व ट्विटर) एमएस धोनी के रिटायरमेंट पर पोस्ट किया है। उन्होंने अपने दिल की बात शेयर करते हुए अभिनेत्री ने कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स (Eden Gardens) स्टेडियम में खेले गए KKR और CSK के मुकाबलों के पुराने पलों को याद किया। उन्होंने लिखा कि अमूमन कोलकाता नाइट राइडर्स के होम ग्राउंड पर चारों तरफ बैंगनी (Purple) रंग के ड्रेस पहने ही लोग दिखते हैं, लेकिन जब-जब मैदान पर चेन्नई सुपर किंग्स उतरती थी, तब-तब पूरा स्टेडियम पीले रंग के समंदर में बदल जाता था।
जूही चावला ने धोनी की असीम लोकप्रियता का जिक्र करते हुए लिखा, "माही, मुझे ईडन गार्डन्स में KKR-CSK की रातें हमेशा याद रहेंगी। यह आमतौर पर बैंगनी होता है। लेकिन जब चेन्नई खेलती है, तो स्टेडियम आपकी वजह से पीला हो जाता है। और जब आप बाहर निकलते हैं, तो 60,000 लोग 'धोनी, धोनी' के नारे लगाते हैं। यही आपका असर है! आपके अगले चैप्टर के लिए आपको बहुत-बहुत शुभकामनाएं!!" एक विरोधी फ्रेंचाइजी की मालकिन होने के बावजूद धोनी के प्रति ऐसा सम्मान दिखाना यह साबित करता है कि माही की लोकप्रियता किसी एक टीम की सीमाओं से परे है।
जूही चावला, सुपरस्टार शाहरुख खान और अपने पति जय मेहता के साथ मिलकर कोलकाता नाइट राइडर्स फ्रेंचाइजी की ओनर हैं। KKR की अपनी एक मजबूत पहचान और फैन फॉलोइंग है, इसके बावजूद ईडन गार्डन्स में भी विपक्षी कप्तान के लिए ऐसा समर्थन मिलना असाधारण है।
बता दें, आईपीएल में एमएस धोनी का खिलाड़ी के रूप में सफर ऐतिहासिक रहा है। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स को अपनी कप्तानी में 5 बार आईपीएल का खिताब दिलाया है। लेकिन, फैंस के लिए राहत की बात यह है कि मैदान पर उनका यह सफर भले ही थमा हो, लेकिन फ्रेंचाइजी के साथ उनका जुड़ाव बना रहेगा। धोनी आने वाले 2027 सीजन से चेन्नई सुपर किंग्स टीम में 'मेंटर' की भूमिका निभाते हुए नजर आएंगे।