
बॉलीवुड अभिनेत्री कल्कि केकलां प्रेग्नेंट हैं और जल्द ही मां बनने वाली हैं। रिपोर्ट के अनुसार कल्कि ने खुद अपनी प्रेग्नेंसी का खुलासा किया है। हिन्दुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, कल्कि पांच महीने से प्रेग्नेंट हैं। साथ ही उन्होंने अपने बच्चे के जन्म देने को लेकर भी कई खुलासे किए हैं। बता दें कि कल्कि मशहूर फिल्ममेकर अनुराग कश्यप की एक्स वाइफ हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक कल्कि ने कहा,'मैं पहले से ही चीजों में अपने रिएक्शन में काफी बदलाव महसूस कर रही हूं। मैं अब पहले से कहीं ज्यादा डेलिब्रेट, सुस्त और बीमार सी हो गई हूं। जब आपके भीतर मां बनने का अहसास आता है, तो यह आपके साथ व्यक्ति की भावना को एक नई चेतना लाता है। मैं अभी भी काम करना चाहती हूं, लेकिन यह कॉम्पीटीशन के बारे में कम है और किसी के काम के माध्यम से खुद को पोषण देने के बारे में अधिक है।'
रिपोर्ट के अनुसार कल्कि ने यह भी बताया कि वह बच्चे को वाटर बर्थ के जरिए जन्म देना चाहती हैं। बता दें कि कल्कि के ब्वॉयफ्रेंड गाय हर्शबर्ग (Guy Hershberg) इजरायली कंपोजर, टीचर और पियानिस्ट हैं। हालांकि इन दोनों ने अभी शादी नहीं की है। हर्शबर्ग फिलहाल मुंबई में रह रहे हैं। कल्कि ने पिछले महीने अपने ब्वॉयफ्रेंड के साथ एक फोटो शेयर की थी, जिसमें दोनों एन्जॉय करते नजर आ रहे थे। बता दें कि साल 2011 में कल्कि ने फिल्ममेकर अनुराग कश्यप से शादी की थी। हालांकि यह शादी लंबे समय तक नहीं टिक पाई और साल 2015 में उन्होंने अलग होने का फैसला किया।