बॉलीवुड

‘अगर काम नहीं देना तो बता दो’, ‘रंभा हो’ फेम कल्पना अय्यर का बॉलीवुड के बदलते रवैये पर छलका दर्द

Kalpana Iyer Bollywood Comment: 'रंभा हो हो' फेम कल्पना अय्यर ने 70 की उम्र में बॉलीवुड के बदलते रवैये पर नाराजगी जताई। उन्होंने काम, सम्मान और साफ बातचीत की जरूरत पर जोर दिया।
3 min read
Sep 02, 2026
Kalpana Iyer Commented on Bollywood
एक्ट्रेस कल्पना अय्यर का बॉलीवुड के रवैये पर छलका दर्द। (फोटो सोर्स: instagram- kalpanaiyer)

Kalpana Iyer Bollywood Comment: 'रंभा हो हो' गाने से मशहूर हुईं दिग्गज अभिनेत्री कल्पना अय्यर ने बॉलीवुड में काम करने के तरीके और कलाकारों के साथ होने वाले व्यवहार को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की है। 70 साल की अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर एक लंबा नोट शेयर कर इंडस्ट्री में शिष्टाचार, सम्मान और साफ बातचीत की जरूरत पर जोर दिया।

Kalpana Iyer

कल्पना अय्यर ने कहा कि वह किसी से खास व्यवहार या सहानुभूति की उम्मीद नहीं करतीं। वह सिर्फ इतना चाहती हैं कि अगर किसी काम के लिए उनसे संपर्क किया जाता है और बाद में बात आगे नहीं बढ़ती, तो उन्हें इसकी जानकारी दी जाए।

'काम नहीं मिलता तो ठीक है, लेकिन कम से कम बताएं'

कल्पना अय्यर ने इंस्टाग्राम पर अपनी दो फोटोज शेयर कीं। पहली फोटो पर उन्होंने लिखा कि अगर कोई काम के सिलसिले में उनसे संपर्क करता है और बाद में बात नहीं बनती, तो कम से कम उन्हें इसकी जानकारी देने का शिष्टाचार होना चाहिए।

Kalpana Iyer Post on Instagram

वहीं, दूसरी तस्वीर में उन्होंने लिखा कि जिंदगी में आगे भी साथ काम करने के मौके मिल सकते हैं। उन्होंने कहा कि 70 साल की उम्र में वह अच्छी तरह समझती हैं कि वक्त बदलता रहता है।

'मैं किसी दिवा की तरह व्यवहार नहीं चाहती'

उन्होंने अपने लंबे नोट की शुरुआत में लिखा कि वह उन चीजों को लेकर परेशान नहीं होना चाहतीं, जिन पर उनका कोई नियंत्रण नहीं है। हालांकि, उन्हें लगता है कि उनके साथ इस मामले में सही व्यवहार नहीं हो रहा है।

'मैं किसी दिवा की तरह व्यवहार नहीं चाहती'

आगे उन्होंने कहा, "मैं अपने रास्ते में आने वाले हर काम को करना चाहती हूं और मैं नहीं चाहती कि मेरे साथ किसी 'दिवा' जैसा व्यवहार किया जाए, लेकिन मैं शिष्टाचार और सम्मान की उम्मीद करती हूं। यह कोई बहुत बड़ी मांग नहीं है।" उन्होंने आगे कहा, "मुझे उम्मीद नहीं है कि सब कुछ ठीक ही होगा क्योंकि यह एक नया दौर है। मैं समझदार हूं और जानती हूँ कि समय बदल गया है; लोगों के अपने नियम और एजेंडा होंगे, और हो सकता है कि वे मुझे सपोर्ट न करना चाहें। लेकिन मैं भी एक इंसान हूँ और किसी तरह की सहानुभूति या खास ट्रीटमेंट नहीं मांग रही। मुझे बस ईमानदारी से काम चाहिए, और अगर आप मुझसे संपर्क करते हैं तो मैं आपकी शुक्रगुजार रहूँगी। लेकिन अगर ऐसा नहीं हो रहा है, तो मुझे बताएँ, जानकारी दें और मुझसे पूछें; मैं समझने की कोशिश करूंगी। हो सकता है कि मैं कुछ बदलाव करूं या दूसरे विकल्प सुझाऊं।"

'पहले से कुछ मत मानिए, बस मुझसे पूछिए'

इसके साथ ही कल्पना अय्यर ने लोगों से अपील करते हुए कहा, "क्या पता… यह आपके और मेरे, दोनों के लिए काम कर जाए। प्लीज, पहले से कोई अंदाजा न लगाएं या मान न लें। बस मुझसे पूछें, मुझे खुशी होगी और मैं आपकी शुक्रगुजार रहूंगी। मैं किसी खास व्यक्ति का नाम नहीं ले रही हूं क्योंकि यह पोस्ट उसके बारे में नहीं है। यह एक 70 साल की महिला की बात है जो कह रही है, 'निष्पक्ष और अच्छे बनो', और मुझे लगता है कि मैं आपसे इसकी उम्मीद कर सकती हूं।"

'रंभा हो हो' पर डांस का वीडियो हुआ था वायरल

कुछ महीने पहले कल्पना अय्यर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। एक शादी समारोह में उन्होंने 'रंभा हो हो' गाने पर डांस किया था। उनके इस जोशीले अंदाज को सोशल मीडिया पर लोगों ने काफी पसंद किया। मशहूर सिंगर उषा उत्थुप का गाया यह जबरदस्त एनर्जी वाला गाना 1981 की फिल्म 'अरमान' का है। रणवीर सिंह की स्पाई थ्रिलर फिल्म 'धुरंधर' में इसके नए वर्जन के आने के बाद यह गाना ऑनलाइन ट्रेंड करने लगा है।

एक बातचीत में, कल्पना अय्यर ने बताया कि वायरल हुआ वह पल पूरी तरह से बिना किसी प्लानिंग के हुआ था। उन्होंने उस प्यार के लिए आभार जताया जो उन्हें इतने सालों बाद भी मिला, जबकि ओरिजिनल डांस नंबर पहले ही पॉप कल्चर का एक बड़ा हिस्सा बन चुका था।

अब अपने नए पोस्ट के जरिए अभिनेत्री ने बॉलीवुड में काम के साथ-साथ सम्मान और संवाद की अहमियत पर सवाल उठाया है।

Updated on:
02 Sept 2026 04:23 pm
Published on:
02 Sept 2026 04:23 pm