
स्वरा भास्कर के 'जौहर' वाले बयान पर करणी सेना का पलटवार। (फोटो सोर्स: IMDb and instagram- reallyswara)
Kirti Rathore on Swara Bhasker Jauhar Comment: एक्ट्रेस स्वरा भास्कर के जौहर और संजय लीला भंसाली की 'पद्मावत' के क्लाइमेक्स पर हालिया कमेंट्स ने एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। करणी सेना की महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष कीर्ति राठौड़ ने एक्ट्रेस की आलोचना की और उनसे अपनी "भाषा सुधारने" को कहा। साथ ही एक्ट्रेस को करणी सेना की धमकी का सामना भी करना पड़ा है।
राठौड़ ने सनातन परंपराओं और राजपूत महिलाओं के बलिदान और वीरता के बारे में की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों पर ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि जौहर जैसी ऐतिहासिक प्रथाओं को उस दौर की परिस्थितियों के संदर्भ में देखा जाना चाहिए, जब वो घटित हुई थीं।
न्यूज 18 के अनुसार, भास्कर के कमेंट्स पर बात करते हुए राठौड़ ने कहा कि किसी को भी सनातन परंपराओं या राजपूत महिलाओं से जुड़े बलिदानों के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि जौहर पर चर्चा ऐतिहासिक तथ्यों पर आधारित होनी चाहिए, न कि उस दौर के संदर्भ को समझे बिना उसकी व्याख्या की जानी चाहिए। राठौड़ ने यह भी साफ किया कि करणी सेना उन कमेंट्स का विरोध करेगी जिन्हें वह राजपूत महिलाओं और उनके बलिदानों के प्रति अपमानजनक मानती है।
जानकारी के लिए बता दें कि ये विवाद दिल्ली में इंडिया इंटरनेशनल सेंटर (IIC) द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान स्वरा की टिप्पणियों के बाद से शुरू हुआ। एक्ट्रेस ने 'पद्मावत' के क्लाइमेक्स पर अपनी प्रतिक्रिया के बारे में बात की, जिसमें दीपिका पादुकोण ने रानी पद्मावती की भूमिका निभाई है और शाहिद कपूर (राजपूत राजा रतन सिंह) और रणवीर सिंह (अलाउद्दीन खिलजी) भी किरदारों में हैं।
मलिक मुहम्मद जायसी की 16वीं सदी की महाकाव्य कविता 'पद्मावत' से प्रेरित इस फिल्म को रिलीज से पहले काफी विवादों का सामना करना पड़ा था। फिल्म जनवरी 2018 में रिलीज हुई थी। इसकी कहानी राजपूत शासक रतन सिंह, रानी पद्मावती और सुल्तान अलाउद्दीन खिलजी के इर्द-गिर्द घूमती है।
स्वरा ने कहा कि फिल्म में 'जौहर' के चित्रण ने उन्हें इस बारे में सोचने पर मजबूर किया कि ये फिल्म बलात्कार का शिकार हुई और उसके बाद जिंदा बचीं महिलाओं को क्या संदेश दे सकती है। सैकड़ों महिलाओं वाले उस सीन को याद करते हुए उन्होंने कहा, "मैं यह देख रही थी, वो 800 औरतें जौहर कर रही थीं, और मुझे लगा, यार, अगर मैं होती, भगवान न करे, अगर मैं रेप सर्वाइवर होती, तो ये फिल्म मुझे क्या बता रही है? मुझे कायर महसूस होता कि मैंने अपनी इज्जत बचाने के लिए खुद को नहीं मारा। क्या आप आज के समाज में यही बताना चाहते हैं, जहां मुझे लगता है कि रेप की महामारी फैली हुई है?"
उन्होंने आगे औरत की जिंदगी और उसकी अहमियत को पवित्रता से जोड़ने के विचार पर सवाल उठाया। "क्या हम सर्वाइवर्स को यही बताना चाहते हैं कि आप जीने के लायक नहीं थीं? कि अगर आप सच में इज़्ज़तदार और बहादुर औरतें होतीं, तो आप खुद को मार लेतीं? क्या हम यह कह रहे हैं कि रेप एक औरत की जिंदगी का अंत है?"
इस विवादित बयां के बाद स्वरा भास्कर को आलोचनाओं का शिकार होना पड़ा। ट्रोलिंग के बीच स्वरा ने मंगलवार को अपने X हैंडल पर एक वीडियो शेयर करके इस विवाद पर बात की। उन्होंने दावा किया कि उनकी बातों का गलत अनुवाद किया जा रहा है और लोगों से अपील की कि वो कोई राय बनाने से पहले उनका असली बयान देखें।
उन्होंने कहा, "मेरा वीडियो क्लिप वायरल हो गया है,, इसका गलत और झूठा अनुवाद किया जा रहा है! मैंने बिल्कुल भी ऐसा नहीं कहा कि रानी पद्मावती या कोई सती कायर थीं। यह शर्मनाक है कि मीडिया चैनल और लोग लोगों को भड़काने के लिए बार-बार झूठे आरोप लगा रहे हैं। अगर आप गालियां देना चाहते हैं, तो दें, लेकिन मेरे असली बयान के आधार पर दें!!! सुनें और शेयर करें। रेप के बाद भी औरतों को जीने का अधिकार है," उन्होंने अपने वीडियो के कैप्शन में लिखा।
Updated on:
02 Sept 2026 02:13 pm
Published on:
02 Sept 2026 02:11 pm
