2 सितंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

स्वरा भास्कर के ‘जौहर’ विवाद पर कंगना रनौत ने दिया रिएक्शन, ‘पद्मावत’ फिल्म पर शेयर किया रैप

Swara Bhasker-Kangana Ranaut Controversy: बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने हाल ही में स्वरा भास्कर के 'जौहर' विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
3 min read
Google source verification
Swara Bhasker-Kangana Ranaut Controversy

स्वरा भास्कर और कंगना रनौत (फोटो सोर्स- Instagram/reallyswara)

Swara Bhasker-Kangana Ranaut Controversy: स्वरा भास्कर एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावत' के जौहर वाले सीन को लेकर शुरू हुआ विवाद अब बॉलीवुड की दो अभिनेत्रियों तक पहुंच गया है। स्वरा के बयान पर सोशल मीडिया पर बहस चल ही रही थी कि उनकी 'तनु वेड्स मनु' की को-स्टार कंगना रनौत ने भी इस मामले में अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी। हालांकि कंगना ने सीधे स्वरा पर कोई टिप्पणी नहीं की, लेकिन उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक ऐसा रैप वीडियो शेयर किया, जिसमें स्वरा को निशाना बनाया गया था।

कंगना ने शेयर किया वीडियो

बुधवार को कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक रैप वीडियो दोबारा पोस्ट किया। ये वीडियो किसी दूसरे व्यक्ति ने बनाया था और इसमें स्वरा भास्कर की आलोचना की गई थी। वीडियो के साथ उसके निर्माता ने इतिहास को लेकर एक तंज भरा कैप्शन भी लिखा था।

खास बात ये है कि कंगना ने इस पोस्ट को शेयर करते हुए अपनी तरफ से कोई अतिरिक्त मैसेज नहीं लिखा। यानी उन्होंने वीडियो के साथ सीधे तौर पर अपनी राय जाहिर नहीं की। इसके बावजूद उनका ये पोस्ट स्वरा से जुड़े विवाद में कंगना की एंट्री के तौर पर देखा जा रहा है।

कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?

दरअसल, स्वरा भास्कर ने हाल ही में एक कार्यक्रम में 'पद्मावत' के क्लाइमैक्स पर बात की थी। फिल्म में दिखाए गए जौहर के दृश्य को लेकर उन्होंने अपनी व्यक्तिगत प्रतिक्रिया साझा की थी। स्वरा ने बताया कि इस दृश्य को देखने के बाद उनके मन में यह सवाल उठा कि ऐसी प्रस्तुति का यौन हिंसा से गुजर चुकी महिलाओं पर क्या असर पड़ सकता है।

उनकी इसी बात को लेकर सोशल मीडिया पर आलोचना शुरू हो गई। कुछ लोगों ने उनके बयान का अर्थ यह निकाला कि अभिनेत्री ने रानी पद्मावती और जौहर करने वाली महिलाओं का अपमान किया है।

स्वरा भास्कर ने दी सफाई

विवाद बढ़ने के बाद स्वरा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपनी बात साफ की। अभिनेत्री ने कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से समझाया और अनुवादित किया जा रहा है। उनका कहना था कि उन्होंने रानी पद्मावती को कायर नहीं कहा था।

स्वरा ने बताया कि उनकी टिप्पणी का केंद्र महिलाओं के जीवन और यौन हिंसा के बाद समाज के रवैये से जुड़ा सवाल था। उनका तर्क था कि किसी महिला के साथ बलात्कार या यौन हिंसा होने के बाद उसके जीवित रहने को कमतर नहीं माना जाना चाहिए।

2018 में भी लिखा था खुला खत

ये पहली बार नहीं है जब स्वरा ने 'पद्मावत' को लेकर अपनी राय रखी है। फिल्म की रिलीज के समय 2018 में भी उन्होंने निर्देशक संजय लीला भंसाली को एक ओपन लेटर लिखा था। उस समय भी फिल्म के अंतिम हिस्से में दिखाए गए जौहर को लेकर उनकी टिप्पणी काफी चर्चा में रही थी। अब कई साल बाद एक कार्यक्रम में उसी मुद्दे पर स्वरा की बातचीत का वीडियो सामने आने के बाद पुराना विवाद फिर से गर्म हो गया है।

कंगना और स्वरा साथ कर चुकी हैं काम

कंगना रनौत और स्वरा भास्कर फिल्म 'तनु वेड्स मनु' और उसके सीक्वल में साथ काम कर चुकी हैं। दोनों अभिनेत्रियों ने फिल्म में अहम किरदार निभाए थे। हालांकि बाद के सालों में दोनों की राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर राय कई बार अलग-अलग नजर आई है।

फिलहाल 'पद्मावत' विवाद में कंगना की इंस्टाग्राम स्टोरी के बाद मामला और चर्चा में आ गया है। वहीं स्वरा अपनी सफाई में लगातार यह कह रही हैं कि उनकी टिप्पणी का उद्देश्य रानी पद्मावती या जौहर करने वाली महिलाओं को अपमानित करना नहीं था।

बड़ी खबरें

View All

बॉलीवुड

मनोरंजन

ट्रेंडिंग