
मुंबई। बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत की अपकमिंग मूवी 'थलाइवी' का फर्स्ट लुक और टीजर रिलीज कर दिया गया है। एक मिनट 32 सैकंड के इस टीजर में कंगना पूरी तरह छाई हुई हैं। मूवी में वह तमिलनाडु की पूर्व सीएम रहीं जयललिता का किरदार में नजर आएंगी। टीजर में एक्ट्रेस जयललिता के एक्टिंग के दिनों और राजनीति में आने के बाद का लुक लिए हुए है। प्रोस्थेटिक की मदद से जयललिता बनी कंगना का लुक परफेक्ट नजर आया। सोशल मीडिया पर फैंस ने लिखा कि इस लुक में उनको पहचानना मुश्किल है।
रिलीज डेट आउट
टीजर में 'थलाइवी' की रिलीज डेट का भी खुलासा कर दिया गया है। ये मूवी अगले साल 26 जून को हिन्दी, तमिल और तेलुगू में रिलीज होगी। मूवी का निर्देशन एएल विजय ने किया है। निर्माता विष्णु वर्धन इंदुरी और शैलेष आर सिंह हैं। विष्णु इसके साथ रणवीर सिंह-दीपिका पादुकोण की मूवी '83' का प्रोडक्शन भी कर रहे हैं।
कंगना रनौत की बहन रंगोली चंदेल ने सोशल मीडिया पर फिल्म का लुक जारी करते हुए लिखा, ‘हम उस महान हस्ती को जानते हैं लेकिन उसकी कहानी कहना अभी बाकी है।'
कंगना ही कर सकती थीं ये रोल
प्रोड्यूसर विष्णु वर्धन इंदुरी का कहना है,' ये फिल्म हम सभी के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। जिस तरह से एक्ट्रेस ने अपना किरदार निभाया है वो निश्चित रूप से शानदार है।' कंगना की इस मूवी और 'जजमेंटल है क्या' के प्रोड्यूसर शैलेष आर सिंह का मानना है कि जयललिता के रोल को कंगना के अलावा और कोई एक्ट्रेस इतने अच्छे ढंग से शायद ही निभा पाती।'