अभिनेत्री Kangana Ranaut का बड़ा खुलासा, सियासत में उतरने के लिए फिल्म 'मणिकर्णिका' के रिलीज होने के बाद इस पार्टी ने दिया था टिकट का ऑफर....
'क्वीन' अभिनेत्री कंगना रनोत (Kangana Ranaut) बॉलीवुड में अपनी दमदार एक्टिंग और बेबाक बोल के पहचानी जाती हैं। इन दिनों वह इंडस्ट्री में नेपोटिज्म और गुटबाजी पर मोर्चा खोलकर खूब सुर्खियां बटोर रही हैं। सुशांत सिंह राजपूत के सुसाइड के बाद उन्होंने इंडस्ट्री के कई बड़े दिग्गजों को आड़े हाथों लिया है। कंगना बॉलीवुड में ही अपनी बात खुलकर नहीं रखती हैं बल्कि राजनीति में भी वह पीएम नरेन्द्र मोदी ( PM Narendra Modi ) के कार्यों की दिल खोलकर तारीफ करती हैं। अब उन्होंने खुद के राजनीति में आने को लेकर बड़ा खुलासा किया है।
यूजर अक्सर उनसे राजनीति में हाथ आजमाने को लेकर सवाल पूछते रहते हैं। इसी सिलसिले में कंगना ने हाल ही एक बड़ा खुलासा भी किया। एक ट्वीट के जरिए कंगना ने उन लोगों को करारा जवाब दिया, जिनका कहना है कि कंगना, पीएम नरेन्द्र मोदी की तारीफ इसलिए करती हैं, क्योंकि वो राजनीति में आना चाहती हैं। इस पर ट्वीट में कंगना की टीम ने बताया कि वह एक ऐसे परिवार से हैं जो कांग्रेस का समर्थन करता आ रहा है। साथ ही यह भी बताया कि कंगना राजनीति में नहीं आना चाहती हैं।
बीजेपी ने दिया ऑफर
कंगना की टीम ने दो ट्वीट किए। पहले ट्वीट में लिखा, 'जो लोग समझते हैं कि मैं मोदी जी को इसलिए सपोर्ट करती हूं क्योंकि मैं राजनीति में आना चाहती हूं तो उन्हें साफ—साफ बात दूं कि मेरे दादा जी 15 सालों तक कांग्रेस के विधायक रहे हैं। मेरा परिवार हमेशा से ही राजनीति में काफी फेमस रहा है और मुझे 'गैंगस्टर' के बाद से लगभग हर साल ऑफर मिलते रहे हैं।'
वहीं दूसरे ट्वीट में लिखा,'फिल्म 'मणिकर्णिका' के बाद मुझे बीजेपी ने एक टिकट ऑफर की थी। मैं अपने काम से प्यार करती हूं और कभी भी मैंने राजनीति में जाने के बारे में नहीं सोचा, तो जो लोग मेरी पसंद के इंसान को सपोर्ट करने पर मुझे ट्रोल कर रहे हैं, उन्हें अब यह बंद करने की आवश्यकता है।'