
Akshay Kumar in Karan Johar Show: बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार अपनी हाजिरजवाबी और बेबाक अंदाज के लिए जाने जाते हैं। वह जहां भी जाते हैं उनका अतीत कभी पीछा नहीं छोड़ता। उनकी लव स्टोरी के किस्से पूरे मनोरंजन जगत में मशहूर हैं। शिल्पा शेट्टी हो या रेखा उनका नाम इंडस्ट्री की बड़ी-बड़ी एक्ट्रेसेस के साथ जुड़ चुका है। रवीना टंडन संग तो उनकी सगाई की खबरे भी आई थीं। अब ऐसे में जब अक्षय कुमार, करण जौहर के शो में पहुंचे तो उनसे एक सवाल पूछा गया कि उन्हें सबसे शानदार ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री किसके साथ लगी? खिलाड़ी कुमार ने बड़ी समझदारी और हंसी-मजाक के साथ ऐसा जवाब दिया जिसे सुनकर रवि किशन भी हैरान रह गए।
अक्षय कुमार और रवि किशन हाल ही में करण जौहर के टॉक शो कॉफी विद करण में पहुंचे थे। इस शो के कई क्लिप वायरल हो रहे हैं। जिसमें से एक में अक्षय कुमार के अतीत को लेकर पूछा गया सवाल और उसका जवाब भी शामिल है। बातचीत के दौरान करण जौहर ने अक्षय कुमार से पूछा कि इनमें से किस गाने में उनकी अपनी लीड एक्ट्रेस के साथ ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री सबसे अच्छी रही। करण ने अक्षय के सामने चार विकल्प रखे- रवीना टंडन के साथ 'टिप टिप बरसा पानी', कैटरीना कैफ के साथ 'जी करदा', शिल्पा शेट्टी के साथ 'चुरा के दिल मेरा' या फिर रेखा जी के साथ 'इन द नाइट नो कंट्रोल'।
सवाल बेहद दिलचस्प था, क्योंकि कई एक्ट्रेसेस के साथ उनके अफेयर के चर्चे रहे हैं। ऐसे में सबकी निगाहें इस बात पर टिकी थीं कि अक्षय कुमार क्या जवाब देते हैं। किसी भी संभावित विवाद या असहज स्थिति से बचते हुए अक्षय कुमार ने बेहद हल्के-फुल्के अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि उनकी केमिस्ट्री सबके साथ काफी अच्छी रही, लेकिन 'मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी' में सैफ अली खान के साथ उनकी केमिस्ट्री सबसे अच्छी थी।
अक्षय के इस जवाब पर करण जौहर ने तुरंत कहा कि यह एक बहुत ही सेफ जवाब है। इस पर अक्षय ने अपनी बात को और मजेदार बनाते हुए कहा कि हां, वह सेफ रहना चाहते हैं, क्योंकि उन्हें यहां आकर अपना सिर नहीं कटवाना है और न ही अपना मुंडन करवाना है और फिर सहजता से 'ठीक है' कहते हुए अपनी बात पूरी की। इस बीच उनका जवाब सुनकर रवि किशन के चेहरे पर भी हैरानी भरा भाव आ गया। वहीं, अक्षय का यह चुटीला अंदाज दर्शकों को खूब पसंद आया और यह पल बातचीत के सबसे मजेदार हिस्सों में शामिल हो गया।