
Sunita Ahuja-Govinda Controversy: बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा की निजी जिंदगी पिछले कुछ समय से चर्चा में है। उनकी फिल्म 'रूपा' की को-स्टार कोमल रानी स्वर्णकार के साथ कई मौकों पर नजर आने के बाद दोनों के रिश्ते को लेकर डेटिंग की अफवाहें सामने आईं। अब अभिनेत्री कुब्रा सैत ने बॉलीवुड सेलेब्स के बारे में गॉसिप पर सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया है। उन्होंने अफवाहों को लेकर लोगों के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर गॉसिप कब जजमेंट में बदल गई।
कुब्रा सैत ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए कहा कि वह गोविंदा को व्यक्तिगत तौर पर नहीं जानतीं, लेकिन उन्हें बचपन से उनकी फिल्में देखना पसंद रहा है। उन्होंने गोविंदा को 90 के दशक का सुपरस्टार और लीजेंड बताते हुए कहा कि आज अगर कोई महिला किसी अभिनेता के आसपास दिखाई देती है तो उसे तुरंत 'मिस्ट्री वुमन' या 'रूमर्ड गर्लफ्रेंड' कह दिया जाता है। कुब्रा ने सवाल किया कि आखिर लोगों ने यह निष्कर्ष किस आधार पर निकाला है। उन्होंने कहा कि किसी के साथ दिखाई देना किसी रिश्ते का प्रमाण नहीं है।
अभिनेत्री ने ये भी कहा कि वह गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा से मिल चुकी हैं और उन्हें मजेदार, बेबाक और शानदार महिला बताया। कुब्रा के मुताबिक, उन्हें सबसे ज्यादा परेशानी इस बात से है कि ऐसी अफवाहें सामने आने के बाद महिलाओं से बार-बार सफाई देने की उम्मीद की जाती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान की बात केवल किसी बड़ी घटना के बाद नहीं होनी चाहिए, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी और उनके निजी फैसलों में भी सम्मान दिखना चाहिए।
कुब्रा ने लोगों से सोशल मीडिया पर किसी की निजी जिंदगी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने या केवल वायरल होने के लिए वीडियो बनाने से पहले सोचने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर किसी के बारे में कुछ अच्छा नहीं कह सकते तो सिर्फ एक प्रशंसक बनकर उनके काम का आनंद लेना चाहिए।
गोविंदा और कोमल रानी स्वर्णकार को एयरपोर्ट और बाद में मुंबई के लालबागचा राजा में साथ देखे जाने के बाद अफवाहों को और हवा मिली। गोविंदा ने इन चर्चाओं को खारिज करते हुए कहा था कि कोमल के साथ उनका रिश्ता पेशेवर है और लालबागचा राजा में उनकी यात्रा फिल्म 'रूपा' की सफलता के लिए प्रार्थना करने से जुड़ी थी।
कोमल रानी ने भी सोशल मीडिया पर सफाई देते हुए कहा था कि गोविंदा और सुनीता आहूजा के वैवाहिक विवाद के लिए उन्हें जिम्मेदार नहीं ठहराया जाना चाहिए। उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा कि किसी पहले से खराब रिश्ते में कोई तीसरा व्यक्ति 'घर तोड़ने वाला' नहीं हो सकता। इस पूरे विवाद के बीच कुब्रा सैत का बयान अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।