बॉलीवुड

“सफल महिलाओं से ही पूछा जाता है घर-करियर का बैलेंस, पुरुषों से नहीं”, लारा दत्ता ने दिया बेबाक बयान, समाज पर उठाए सवाल

Lara Dutta big statement: लारा दत्ता ने महिला महत्वाकांक्षा और समाज के दोहरे मापदंडों पर खुलकर बात की है। इसके साथ ही उन्होंने पुरुषों को लेकर भी सवाल उठाए हैं।
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 5:11 PM IST
Lara Dutta big statement on Indian Society said why question ambitious women not successful men
लारा दत्ता ने समाज की सोच पर उठाए सवाल (Photo Source- Instagtam/larabhupathi)

Lara Dutta On Indian Society: फिल्म 'रामायण' में भारतीय पौराणिक कथाओं की सबसे गलत समझी गई पात्रों में से एक कैकेयी की भूमिका निभाने वाली अभिनेत्री लारा दत्ता एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उन्होंने समाज में महिलाओं की महत्वाकांक्षा को देखने के नजरिए पर सवाल उठाए हैं। दुनिया भर में 1,735 करोड़ रुपये की कमाई करने वाली और कथित तौर पर ऑस्कर की दौड़ में शामिल इस फिल्म की सफलता के दौरान लारा ने आज की महिलाओं से की जाने वाली सामाजिक अपेक्षाओं के बीच की समानता को लेकर बात की है।

लारा दत्ता ने महिलाओं को लेकर की बात

लारा दत्ता ने हिंदुस्तान टाइम्स संग खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने अपने 30 साल के करियर का जिक्र करते हुए कहा कि वह लंबे समय से इस इंडस्ट्री में एक मजबूत और काम के प्रति लगन वाली महिला रही हैं, लेकिन उन्हें नहीं लगता कि इसके लिए उन्हें पॉजिटिव ठहराया गया है। उनके अनुसार, एक महिला के रूप में महत्वाकांक्षी होना पूरी तरह संभव है- यह इस बात पर निर्भर करता है कि आगे बढ़ते समय आप कितने लोगों को असहज करते हैं। इतिहास पर नजर डालते हुए उन्होंने कहा कि महत्वाकांक्षी महिलाओं को अक्सर ऐसी महिलाओं के रूप में देखा गया, जिन्होंने समाज द्वारा तय किए गए घर और बच्चों की देखभाल के कर्तव्य को छोड़ दिया।

समाज के दोहरे मापदंड पर लारा दत्ता ने पूछा सवाल

समाज के दोहरे मापदंडों पर सवाल उठाते हुए लारा ने कहा कि सफल महिलाओं से हमेशा पूछा जाता है कि वह घर और करियर के बीच संतुलन कैसे बनाती हैं? जबकि किसी पुरुष से यह सवाल कभी नहीं पूछा जाता। आज ऐसी कई महिलाएं हैं जिन्होंने ऐसी कंपनियां खड़ी की हैं जिनसे दूसरी महिलाओं को लाभ मिल रहा है और उनके पीछे एक आदमी सपोर्ट के रुप में खड़ा है।

कैकेयी की भूमिका निभाने के अनुभव पर उन्होंने बताया कि एक मां होने और अपने बेटे के लिए महत्वाकांक्षी होने के बीच की बारीक रेखा को दिखाना बेहद नाजुक संतुलन था। उनके मुताबिक, कैकेयी को हमेशा सबसे बड़ी खलनायिका माना गया क्योंकि उन्होंने एक पूजनीय भगवान के लिए ऐसी नियति चुनी जिसे कोई सामान्य तौर पर किसी के लिए नहीं चाहेगा, लेकिन बड़ी तस्वीर देखें तो कई बार कोई किरदार खलनायक बनने के 'सोल कॉन्ट्रैक्ट' के साथ जन्म लेता है।

लारा दत्ता ने शेयर किया वेस्ट एशिया तनाव के बीच दुबई का अनुभव

पर्दे से दूर, लारा दत्ता और उनके पति, पूर्व टेनिस स्टार महेश भूपति, यूएई के फुजैराह में अपनी 14 साल की बेटी सायरा की हालिया टेनिस टूर्नामेंट जीत का जश्न मना रहे हैं। लारा ने बताया कि सायरा अभी छोटी हैं, पढ़ाई और खेल दोनों में अच्छा कर रही हैं और उन्होंने व महेश ने माता-पिता बनने से पहले ही यह तय किया था कि वह बच्चों के हर खास मौके पर मौजूद रहेंगे और जीत का जश्न मनाने के लिए दोनों में से कोई एक हमेशा साथ रहेगा।

इसके साथ ही लारा ने इस साल की शुरुआत में वेस्ट एशिया में बढ़े संघर्ष के दौरान सायरा के साथ दुबई में बिताए कठिन समय को भी याद किया। उन्होंने कहा कि परिवार अब भी उस दौर के बाद के प्रभावों से उबर रहा है। लारा के अनुसार, दुबई में प्रशासन द्वारा हालात संभाले जाने के तरीके से उन्हें सुरक्षा और तसल्ली मिली, और सैन्य परिवार से होने के कारण शायद यह धैर्य उनके खून में है, लेकिन राजनीति से दूर आम लोगों को युद्ध जैसी स्थिति में फंसा देखना बेहद पीड़ादायक होता है।

Updated on:
25 Nov 2026, 5:11 PM IST
Published on: