
Actress Nimmi caretaker FIR Register: बॉलीवुड के सुनहरे दौर की फेमस अभिनेत्री निम्मी (Nimmi) के निधन के छह साल से अधिक समय बाद एक बड़ा और चौंकाने वाला कानूनी विवाद सामने आया है। मुंबई पुलिस ने दिवंगत अभिनेत्री के पुराने केयरटेकर के खिलाफ उनकी संपत्ति, बैंक डिपॉजिट और गहनों का गलत तरीके से इस्तेमाल करने और उन पर अवैध कब्जा जमाने के गंभीर आरोपों में एफआईआर (FIR) दर्ज की है। इस खुलासे के बाद फिल्म इंडस्ट्री और कानूनी गलियारों में हलचल मच गई है।
जानकारी के अनुसार, सांताक्रूज पुलिस ने असरार इकबाल शेख (Asrar Iqbal Shaikh) के खिलाफ FIR दर्ज की है। आरोपी शेख पर आरोप है कि उसने निम्मी के निधन के बाद उनकी संपत्ति को उनके कानूनी वारिसों (जिसमें उनके गोद लिए हुए बेटे का परिवार भी शामिल है) को सौंपने के बजाय अपने निजी फायदे के लिए नियंत्रित किया।
शिकायत के मुताबिक, असरार इकबाल शेख ने साल 2003 से लेकर निम्मी की मृत्यु तक उनके घरेलू सहायक के रूप में काम किया था। आरोप है कि बॉम्बे हाईकोर्ट द्वारा अभिनेत्री की वसीयत को अभी तक वैलिडेट (कानूनी मान्यता) नहीं किए जाने का फायदा उठाते हुए शेख ने जुहू स्थित दो फ्लैट्स, लगभग 2 करोड़ रुपये की कुल कीमत वाले दो फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) और भारी मात्रा में ज्वेलरी पर कथित तौर पर कब्जा कर लिया।
शिकायतकर्ता मोहम्मद यूनुस सलीम दुर्रानी जो निम्मी के भतीजे हैं उन्होंने पुलिस को बताया कि आरोपी शेख ने पहले संपत्ति का बराबर बंटवारा करने का प्रस्ताव रखा था, लेकिन जब परिवार ने इसे खारिज कर दिया, तो उसने परिवार के प्रतिनिधि को धमकियां देनी शुरू कर दीं। पुलिस ने इस मामले में IPC की कई गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया है, जिनमें धारा 404 (मृत व्यक्ति की संपत्ति का बेईमानी से गबन), 406 (आपराधिक विश्वासघात), 420 (धोखाधड़ी), 465, 467, 468 (जालसाजी) और 471 शामिल हैं।
बता दें, दिवंगत निम्मी ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 1949 में फिल्म 'बरसात' से की थी और राज कपूर, देव आनंद व दिलीप कुमार जैसे दिग्गज कलाकारों के साथ काम कर अपनी एक अलग पहचान बनाई थी। उनके पति और मशहूर स्क्रीनराइटर अली रजा के निधन (2007) के बाद से वह जुहू स्थित 'नेहा अपार्टमेंट' में अकेली रह रही थीं। बढ़ती उम्र और स्वास्थ्य समस्याओं के कारण उनके और केयरटेकर के बीच जॉइंट बैंक अकाउंट्स खोले गए थे। मार्च 2020 में कोविड-19 के कारण निम्मी के निधन के बाद और उनके गोद लिए हुए बेटे अली सैय्यद परवेज की भी उसी साल दिसंबर में कोविड से यूके में मृत्यु हो जाने के बाद, संपत्ति के हक को लेकर यह पूरा विवाद गहराया है, जिसकी अब पुलिस गहनता से जांच कर रही है।