बॉलीवुड

‘हमें अपनी फिल्म पर इतना यकीन है’, सलमान खान की ‘मातृभूमि’ से टक्कर पर बोले ‘ईथा’ के डायरेक्टर लक्ष्मण उतेकर

Laxman Uterkar On Eetha Vs Maatrubhumi: फिल्म 'मातृभूमि' से बॉक्स ऑफिस की अपकमिंग टक्कर के बीच श्रद्धा कपूर की फिल्म ईथा के डायरेक्टर लक्ष्मण उतेकर ने बयान दिया है। क्या कुछ कहा है फिल्म के निर्देशक ने इस बॉक्स ऑफिस क्लैश को लेकर, चलिए जानते हैं।
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 10:57 AM IST
Laxman Uterkar On Eetha Vs Maatrubhumi
ईथा बनाम मातृभूमि (फोटो सोर्स- IMDb)

Laxman Uterkar On Eetha Vs Maatrubhumi: श्रद्धा कपूर की आने वाली फिल्म 'ईथा' और सलमान खान की फिल्म 'मातृभूमि' के बीच बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला होने वाला है। दोनों फिल्में 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होंगी। इस क्लैश को लेकर पिछले कुछ दिनों से फिल्म इंडस्ट्री में चर्चा हो रही है। अब 'ईथा' के डायरेक्टर लक्ष्मण उतेकर ने दोनों फिल्मों की टक्कर पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने साफ कहा है कि उन्हें अपनी फिल्म पर पूरा भरोसा है और दोनों फिल्में एक साथ अच्छा प्रदर्शन कर सकती हैं।

सलमान खान की 'मातृभूमि' से नहीं है डर

दरअसल, हाल ही में 'ईथा' से जुड़े एक कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में फिल्म के निर्देशक लक्ष्मण उतेकर बॉक्स ऑफिस क्लैश को लेकर बात करते नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि देश में इतने सिनेमाघर और थिएटर मौजूद हैं कि दो फिल्में एक ही दिन रिलीज होकर भी अच्छा कारोबार कर सकती हैं।

लक्ष्मण उतेकर ने कहा, 'इतने थिएटर हैं और इतने सिनेमा हॉल हैं कि दोनों फिल्में आराम से चल सकती हैं। हमें अपनी फिल्म पर इतना यकीन है कि आप सभी को यह इतनी पसंद आएगी कि शायद यह भी एक अलग तरह का वर्ल्ड रिकॉर्ड हो सकता है।'

उन्होंने आगे कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि श्रद्धा कपूर की फिल्म दर्शकों को पसंद आएगी और बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन करेगी। उनके इस बयान से साफ है कि फिल्म की टीम सलमान खान की बड़ी स्टारडम के बावजूद अपनी रिलीज डेट को लेकर पीछे हटने के मूड में नहीं है।

सलमान खान ने भी क्लैश पर दी थी प्रतिक्रिया

इससे पहले सलमान खान भी 'मातृभूमि' और 'ईथा' की एक ही दिन रिलीज को लेकर अपनी बात रख चुके हैं। सलमान ने बताया था कि जब उन्होंने अपनी फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान किया था, तब उन्हें जानकारी नहीं थी कि श्रद्धा कपूर की फिल्म भी उसी दिन सिनेमाघरों में आने वाली है।

सलमान के मुताबिक, अगर उन्हें पहले से पता होता कि श्रद्धा की फिल्म 4 दिसंबर को रिलीज हो रही है, तो वह अपनी फिल्म के लिए कोई दूसरी तारीख चुन सकते थे। सलमान ने यह भी खुलासा किया कि उन्होंने इस मामले पर श्रद्धा कपूर से फोन पर बातचीत की थी।

इस बातचीत के दौरान श्रद्धा ने उन्हें बताया कि दोनों फिल्मों के लिए पर्याप्त जगह है और एक ही दिन रिलीज होने से किसी फिल्म को पीछे हटने की जरूरत नहीं है। सलमान के इस बयान के बाद से ही दोनों फिल्मों के क्लैश को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

दोनों फिल्मों को लेकर दर्शकों में उत्साह

4 दिसंबर को होने वाली इस टक्कर को साल 2026 के बड़े बॉक्स ऑफिस मुकाबलों में से एक माना जा रहा है। एक तरफ सलमान खान की 'मातृभूमि' है, तो दूसरी तरफ श्रद्धा कपूर की 'ईथा'। दोनों फिल्मों के ट्रेलर और गानों को लेकर दर्शकों के बीच पहले से चर्चा बनी हुई है।

श्रद्धा कपूर की फिल्म का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर कर रहे हैं, जो इससे पहले 'छावा' और 'जरा हटके जरा बचके' जैसी फिल्मों के लिए चर्चा में रह चुके हैं। वहीं सलमान खान की फिल्म 'मातृभूमि' को लेकर भी उनके प्रशंसकों में उत्साह है।

अब देखना दिलचस्प होगा कि 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद दर्शक किस फिल्म को ज्यादा पसंद करते हैं। क्या सलमान खान की स्टारडम बॉक्स ऑफिस पर भारी पड़ेगी या श्रद्धा कपूर की 'ईथा' अपनी कहानी और प्रदर्शन से बाजी मार ले जाएगी? इसका जवाब फिल्म की रिलीज के बाद ही मिलेगा।

Updated on:
25 Nov 2026, 10:57 AM IST
Published on: