Lucky Ali reaction on Arijit Singh: लकी अली ने हाल ही में अरिजीत सिंह को लेकर अपने अंदर छुपा दर्द जाहिर किया है और उन्होंने बताया कि म्यूजिक इंडस्ट्री में काम करना बिल्कुल आसान नहीं है।
Lucky Ali reaction on Arijit Singh: एआर रहमान के हालिया बयान और उसके बाद आए फेमस सिंगर अरिजीत सिंह के प्लेबैक सिंगिंग से किनारा करने के फैसले ने फिल्म और म्यूजिक जगत में सनसनी मचा दी है। इस फैसले के बाद कई स्टार्स ने अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दी और अब फेमस सिंगर और गीतकार लकी अली ने भी खुलकर अपने विचार व्यक्त किए हैं।
ये चर्चा 27 जनवरी को तेज हुई जब अरिजीत सिंह ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में कहा कि अब वो प्लेबैक सिंगर के तौर पर कोई नया असाइनमेंट नहीं लेंगे। इस एलान के पहले एआर रहमान के सांप्रदायिकता पर दिए गए बयान की भी चर्चाएं थीं। इन सबके बीच पीटीआई से बातचीत में लकी अली ने कहा, "किसी म्यूजिशियन की स्थिति को समझने के लिए उसके जूते पहनकर चलना पड़ता है। अगर एक कलाकार ने इस तरह का कदम उठाया है, तो उसके अंदर जरूर कुछ टूटन और दर्द रहा होगा। मैं पूरी तरह से अरिजीत के फैसले के सपोर्ट में हूं। ये कोई नुकसान नहीं है। वो अपने तरीके से फिर से गाएगा, मगर शायद पहले जैसी परिस्थितियां नहीं होंगी। जीवन में हमें अपना रास्ता खुद बनाना होता है, ठीक वैसे ही जैसे मैंने अपना बनाया।"
इतना ही नहीं, अपने खुद के करियर के अनुभव शेयर करते हुए लकी अली ने आगे बताया, "कुछ भी आपको थाली में परोसा नहीं जाता। आपको खुद को साबित करना पड़ता है और अपने निर्णयों पर विश्वास रखना होता है। जब आप अपनी चुनौतियों को पार कर लेते हैं, तो आपकी राह थोड़ी आसान दिखाई देने लगती है। इसका मतलब ये नहीं कि सफर आसान हो गया, लेकिन दिशा जरूर स्पष्ट हो जाती है।"
बता दें, लकी अली ने कई हिट गानों के बाद बॉलीवुड से दूरी बना ली थी। वे एक बार कह चुके हैं कि उन्होंने इंडस्ट्री के इस टॉक्सिक माहौल से भागकर नहीं बल्कि उससे ऊबकर ये फैसला लिया था। उनका फेमस गाना 'ओ सनम' इसी आजादी की तलाश का नतीजा था। उन्होंने 2015 में इंडस्ट्री से दूरी बना ली थी। दरअसल, अरिजीत सिंह ने 27 जनवरी को इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के माध्यम से घोषणा की थी कि अब वो प्लेबैक सिंगर के रूप में नया कोई काम नहीं करेंगे। उन्होंने लिखा, "आप सभी को नया साल मुबारक हो। इतने सालों से आप लोगों के प्यार के लिए धन्यवाद। मैं खुशी से कहता हूं कि अब मैं प्लेबैक सिंगर के तौर पर नए असाइनमेंट नहीं लूंगा। ये एक खूबसूरत सफर रहा।" इस पोस्ट के बाद उन्होंने अपने X पर ये संकेत भी दिया कि वे भारतीय शास्त्रीय संगीत की ओर लौटने की सोच रहे हैं। उनके इस फैसले ने इंडस्ट्री में कई अफवाहें और चर्चाएं बढ़ा दी हैं।
जहां श्रेया घोषाल जैसे कई स्टार्स ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं और उनके नए सफर के लिए उत्साह जताया है, तो वहीं कुछ ने इसे एक दौर के खत्म होने के रूप में देखा है। फिलहाल, अरिजीत सिंह के इस साहसिक फैसले पर संगीत जगत की नजरें टिकी हुई हैं।