बॉलीवुड

अभिनेता अभिषेक बनर्जी ने बताया युवाओं की मानसिकता का सच, बोले- अकेले रहने में खुश है नई पीढ़ी

Lust Stories 3 actor Abhishek Banerjee: नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई फिल्म 'लस्ट स्टोरीज़ 3' के प्रमोशन के दौरान एक्टर अभिषेक बनर्जी ने युवा पीढ़ी और रिश्तों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि आज की नई पीढ़ी अकेले रहना पसंद करती है।
2 min read
• •
Sep 27, 2026
Lust Stories 3 actor Abhishek Banerjee on modern day relationship and gen z
अभिषेक बनर्जी ने युवा पीढ़ी के रिश्तों पर की बात (Photo Source- Instagram/nowitsabhi)

Actor Abhishek Banerjee on modern day relationships: बॉलीवुड के टैलेंटेड अभिनेता अभिषेक बनर्जी (Abhishek Banerjee) इन दिनों अपनी नई एंथोलॉजी फिल्म 'लस्ट स्टोरीज़ 3' (Lust Stories 3) को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में फिल्म के प्रमोशन के दौरान अभिषेक ने पर्दे पर और असल जिंदगी में बदलते रिश्तों के डायनामिक्स पर बेहद खुलकर और बेबाक अंदाज में बात की। अभिषेक का मानना है कि पुरानी पीढ़ियों की तुलना में आज की नई पीढ़ी अकेले रहने और खुद के साथ वक्त बिताने में ज्यादा सहज और खुश महसूस करती है।

अभिषेक बनर्जी ने युवा पीढ़ी के रिश्तों को लेकर क्या कहा?

अभिषेक बनर्जी ने IANS संग खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने आजकल के युवाओं और उनके लाइफस्टाइल पर अपने विचार शेयर किए। अभिषेक बनर्जी ने कहा, "आज की नई पीढ़ी अकेले रहने में बहुत कम्फर्टेबल है। वह अकेले गेम खेलना पसंद करते हैं और खुद के साथ खुश रहते हैं। वह खुद से शायद उतना प्यार करते हैं, जितना हम अपने बचपन में कभी नहीं करते थे। मेरे ख्याल से अपने साथ कम्फर्टेबल होना एक बहुत ही अच्छी बात है।

"बच्चे पैदा करना कोई इवोल्यूशन नहीं"- अभिषेक बनर्जी

शादी और परिवार बसाने की सामाजिक परंपराओं पर सवाल उठाते हुए अभिषेक बनर्जी ने एक बेहद दिलचस्प और अलग नजरिया पेश किया। उन्होंने कहा कि शादी करना और बच्चे पैदा करना कोई प्राकृतिक विकास (इवोल्यूशन) नहीं है, बल्कि यह औद्योगिक क्रांति (Industrial Revolution) का एक बायप्रोडक्ट है।

अपनी बात को साफ करते हुए उन्होंने बताया, "यह एक ऐसा कॉन्सेप्ट है जो किसी ने बनाया और हम पर थोप दिया कि— आपको किसी से मिलना है, शादी करनी है, बच्चे पैदा करने हैं, उन्हें स्कूल भेजना है, नौकरी करनी है और फिर बच्चों की शादी करानी है। मुझे नहीं लगता कि यह इंसानी स्वभाव या इवोल्यूशन का हिस्सा है; बल्कि, यह इंडस्ट्रियल रेवोल्यूशन के बाद का स्ट्रक्चर है। आजकल समाज में हम जो भी धारणाएं देख रहे हैं, वे जबरदस्ती बनाई गई हैं।"

तलाक की बढ़ती दर और नो-किड कल्चर पर बेबाक बोल

अभिषेक बनर्जी ने यह भी खुलासा किया कि उनके सर्किल में कई शादीशुदा जोड़ों ने बच्चे न करने का फैसला किया है। इसके साथ ही उन्होंने भारत में बढ़ते तलाक के मामलों पर कहा कि लोग अब अपनी खुशी को प्राथमिकता दे रहे हैं और बिना किसी दबाव के अपनी जिंदगी के फैसले खुद ले रहे हैं, जो एक तरह से समाज में आ रहे खुलेपन का संकेत है।

नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई 'लस्ट स्टोरीज़ 3'

बात करें फिल्म 'लस्ट स्टोरीज 3' की, तो इस एंथोलॉजी में चार अलग-अलग शॉर्ट फिल्में शामिल हैं, जिन्हें विक्रमादित्य मोटवानी, किरण राव, शकुन बत्रा और विशाल भारद्वाज जैसे दिग्गज निर्देशकों ने डायरेक्ट किया है।

इस फिल्म में राधिका आप्टे, कोंकणा सेन शर्मा, विजय वर्मा, अभिषेक बनर्जी, गुरफतेह पीरज़ादा, सना थम्पी, अली फ़ज़ल, राधिका मदान, अदिति राव हैदरी और सिद्धार्थ जैसे दिग्गज कलाकारों ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। यह फिल्म 18 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ हो चुकी है और दर्शकों द्वारा काफी पसंद की जा रही है।

Updated on:
27 Sept 2026 11:19 am
Published on:
27 Sept 2026 11:03 am