
मुंबई। संगीत नाटक अकादमी अवॉर्ड 1988 और पद्मश्री 2012 से सम्मानित म्यूजिक कंपोजर वनराज भाटिया ( Vanraj Bhatia ) पाई-पाई के लिए मोहताज हैं। 92 साल के इस वरिष्ठ संगीतकार की हालत बिगड़ती जा रही है और उनके पास घर का किराया देने तक के पैसे नहीं हैं। उनकी इस बदतर हालत को देखते हुए कबीर बेदी ( Kabir Bedi ) ने भी हाल ही में लोगों से उनकी मदद की अपील की थी।
अब फिल्ममेकर सुदीप्तो सेन ( Sudipto Sen ) ने उनकी सुध ली है। उन्होंने आम लोगों और सेलेब्स से मदद की गुहार लगाई है। अपने ट्विटर अकाउंट से मदद की अपील करते हुए उन्होंने लिखा,'देश के बेहतरीन संगीतकारों में से एक नेशनल अवॉर्ड वनराज भाटिया के पास जीने के लिए पैसे नहीं हैं। वह 92 साल के हैं। क्या कोई ऐसी एजेंसी है जो उनकी मदद कर सके?' उन्होंने इस पोस्ट को प्रकाश जावडेेकर, सलमान खान ( Salman Khan ) , शाहरुख खान ( ShahRukh Khan ) और अमृता फडनवीस को टैग किया है।
आखिरकार वनराज को अब मदद मिल गई है। मशहूर गीतकार जावेद अख्तर आगे आए हैं और इंडियन परफॉर्मिंग राइट सोसाइटी (IPRS) के माध्यम से वनराज की आर्थिक मदद की है। IPRS के सीईओ राकेश निगम ने कहा, 'IPRS इंडियाज ऑथर्स सोसाइटी है। हम सभी संगीत और साहित्य से जुड़े लोगों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास करने को तत्पर रहते हैं. जैसे ही हमें पता चला की म्यूजिक कंपोजर और हमारे दोस्त वनराज भाटिया की सेहत ठीक नहीं है, हमने तुरंत उनकी मदद करने का फैसला लिया।' बता दें कि जावेद अख्तर इस सोसाइटी के चैयरमैन हैं।
संगीतकार वनराज भाटिया ने प्रसिद्ध निर्देशक श्याम बेनेगल की कई बेहतरीन फिल्मों में संगीत दे चुके हैं। उनके संगीत से सजी प्रमुख फिल्मों में मंडी, अजूबा, तमस, कलयुग, मंथन और द्रोह काल हैं।